भारतीय संगीत, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित जलोटा वेलफेयर फाउंडेशन एक बार फिर कला साधकों के सम्मान का भव्य आयोजन करने जा रहा है। 20 फरवरी 2026 को इस्कॉन मंदिर, जुहू, मुंबई में ‘14वां गौरव पुरस्कार–2026’ का आयोजन होगा। इस विशेष अवसर पर देश और विदेश में ख्याति प्राप्त कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।
यह समारोह भजन सम्राट पद्मश्री पं. पुरुषोत्तमदास जलोटा की पुण्य स्मृति को समर्पित है। उनकी आध्यात्मिक और सांगीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए पद्मश्री अनूप जलोटा ने पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि अनूप जलोटा स्वयं वर्ष 2012 में भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान प्राप्त कर चुके हैं।
इस वर्ष ‘भजन सम्राट पद्मश्री पं. पुरुषोत्तमदास जलोटा संगीत सेवा पुरस्कार’ विश्वविख्यात शास्त्रीय संगीतकार, पद्मभूषण और ग्रैमी पुरस्कार विजेता पं. विश्वमोहन भट्ट को प्रदान किया जाएगा। भारतीय शास्त्रीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
‘भजन महर्षि पंडित हरिओम शरण भक्ति संगीत पुरस्कार’ सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका पद्मश्री डॉ. सोमा घोष को दिया जाएगा। उन्होंने वर्षों से भक्ति संगीत और शास्त्रीय गायन की परंपरा को सशक्त बनाए रखा है। वहीं ‘पद्मश्री डॉ. रवींद्र जैन बहुमुखी प्रतिभा पुरस्कार’ लोक एवं शास्त्रीय गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी को प्रदान किया जाएगा। मालिनी अवस्थी दादरा, ठुमरी, कजरी और चैती जैसी कई हिंदुस्तानी शैलियों में समान दक्षता रखती हैं और लोक संगीत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
इसके अतिरिक्त ‘मेधा जलोटा श्रेष्ठतम मेधावी नृत्य कलाकार पुरस्कार’ युवा और प्रतिभाशाली नृत्य कलाकार गौतम मराठे को दिया जाएगा। वे गुरु वैभव अरेकर के शिष्य हैं और भारतीय शास्त्रीय कलाकारों के लिए “आंगिका” नामक विशेष फिटनेस मॉड्यूल तैयार कर चुके हैं।
इस भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन और प्रबंधन “तथास्तु प्रोडक्शंस” द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम 20 फरवरी 2026 को शाम 7 बजे से आरंभ होगा। यह समारोह न केवल कलाकारों के सम्मान का अवसर होगा, बल्कि भारतीय संगीत और संस्कृति की समृद्ध परंपरा को नई ऊर्जा देने का भी माध्यम बनेगा।
Subscribe Deshwale on YouTube


