आर्यन खान – नाम तो सुना ही होगा ना? जैसा बाप, वैसा बेटा – ये कहावत यहाँ बिल्कुल फिट बैठती है। कल (18 सितम्बर 2025) नेटफ्लिक्स पर उनकी डेब्यू वेबसीरीज़ रिलीज़ हुई – द बै**ड्स ऑफ बॉलीवुड। आते ही इसने तहलका मचा दिया है।
यह वेबसीरीज़ सैटायर, एक्शन, कॉमेडी और ड्रामा का अनोखा तड़का है। सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि यह बॉलीवुड की चमचमाती दुनिया के पीछे छुपी महत्वाकांक्षाएँ, साज़िशें और कड़वी सच्चाइयाँ भी उजागर करती है। यह पहली सीज़न में कुल सात एपिसोड हैं, जिनकी अवधि 39 से 44 मिनट के बीच है।आइये बात करते हैं।
सितारों का मेला
लक्ष्य ने आसमान सिंह का किरदार निभाया है। उनके चेहरे पर मासूमियत भी है और महत्वाकांक्षा भी। कुछ सीन में उनकी अदाकारी इतनी गहरी है कि लगता है वे अपनी असलियत जी रहे हैं।
राघव जुयाल ने परवेज़ के रूप में शानदार काम किया है। उनका अंदाज़ इंटेंस है, आंखों की भाषा अलग है और हर पल में वे किरदार की परतें खोलते चलते हैं। उनकी और लक्ष्य की टकराहट इस सीरीज़ की रीढ़ है। दोनों की केमिस्ट्री इतनी सच्ची लगती है कि दर्शक अनायास उनसे जुड़ जाते हैं।
अन्या सिंह बतौर सन्या अहमद कहानी में ताजगी लाती हैं। उनका स्क्रीन प्रेज़ेन्स खुशनुमा है और भावनाओं को उन्होंने बखूबी संभाला है। सहर बंबा (करिश्मा तलवार) अपनी छवि से कहानी में ग्लैमर और गहराई दोनों जोड़ती हैं। मोना सिंह और गौतमी कपूर अपने मजबूत अंदाज़ से परिवार और रिश्तों के भावनात्मक पक्ष को निखारती हैं।
मनोज पाहवा (अवतार), मनीष चौधरी (फ्रेडी सोडावाला), राजत बेदी (जराज सक्सेना), विजयंत कोहली (रजत सिंह) – सबने अपने हिस्से को संजीदगी से निभाया है। यह कोई एक कलाकार की सीरीज़ नहीं है, बल्कि पूरे एन्सेंबल का खेल है।
सबसे ज्यादा चर्चा में है बॉबी देओल का किरदार अजय तलवार। उनकी एंट्री ही धमाकेदार है और वे कहानी में एक अलग वजन डालते हैं। उनके संवाद और बॉडी लैंग्वेज देखने लायक है।
इसके अलावा कर्ई बडे नामी सितारोने इसमें केमियो किया है। यह सीरीज़ की सबसे बड़ी खूबी है, मानो पूरा बॉलीवुड एक ही जगह इकठ्ठा हो गया हो।
हंसी, तंज और सच्चाई
सीरीज़ की खासियत है इसका अंदाज़। यह न तो पूरी तरह गंभीर है और न ही सिर्फ हंसी मज़ाक। यह दोनों का मिश्रण है। इंडस्ट्री के भीतर के राज़, नेपोटिज़्म के तंज, बड़े प्रोड्यूसर्स पर कटाक्ष – सब कुछ खुलेआम दिखाया गया है। कुछ मज़ाक चुटीले और ताज़गी भरे हैं। कई बार तो हंसी रोकना मुश्किल हो जाता है। हालांकि कुछ जगह मज़ाक हद से आगे भी निकल जाते हैं। जैसे “मी टू” वाला मजाक अनावश्यक लगा।
कहानी तेज़ है,स्क्रीनप्ले बांधे रखता है। न कहानी ढीली पड़ती है, न दर्शक का ध्यान भटकता है। जैसे-जैसे कहानी खुलती है, आप खुद को उसी दुनिया में महसूस करते हैं। डायरेक्टर ने ड्रामा और हकीकत का संतुलन बनाए रखा है। यही कारण है कि यह बिंज-वॉच करने लायक है।
चार-पांच एपिसोड देखते-देखते आपको एहसास होता है कि यह सिर्फ एक ड्रामा नहीं, बल्कि पूरी इंडस्ट्री का आईना है। दोस्ती कब दुश्मनी में बदल जाए, चमकते चेहरे के पीछे कितने ज़ख्म छुपे हों, और इस खेल में कौन किसे पीछे छोड़ दे – सब कुछ यहां साफ दिखाई देता है।
आर्यन खान का निर्देशकीय कमाल
आर्यन खान का यह पहला बड़ा प्रोजेक्ट है, और उन्होंने इसे पूरे आत्मविश्वास से संभाला है। बतौर निर्देशक और शो रनर, उनकी दृष्टि साफ़ झलकती है। सीरीज़ का टोन एकसमान और प्रभावशाली है। वे सैटायर और संवेदनशीलता के बीच संतुलन बनाए रखते हैं, जिससे कहानी न तो ज़्यादा कटु लगती है और न ही ज़रूरत से ज़्यादा भावुक। उनकी नज़र किरदारों की भावनाओं और दृश्यों की बारीकियों पर रहती है। एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो बॉलीवुड के करीब रहा है, आर्यनने इस इंडस्ट्री का चहरा बडी सहजता से पेश किया हैं। न उसको बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया हैं। उनके साथ हुए एक हादसें को भी उन्होंने बडी साहजिकता से पेश किया है। ओवरओल सिरीज देखते वक्त मूंह से एक ही लब्ज बाहर आता है वाह!
तकनीकी निपुणता
सीरीज़ का प्रोडक्शन लेवल शानदार है। सिनेमैटोग्राफी एक खासियत है—यह बॉलीवुड की भव्यता को कैप्चर करती है, लेकिन साथ ही किरदारों के अंतरंग पलों को भी उभारती है। कैमरा आपको ऐसा महसूस कराता है जैसे आप इस चमकती दुनिया के पीछे की सच्चाई को करीब से देख रहे हों।
एडिटिंग चुस्त है, जिससे हर एपिसोड ताज़ा और आकर्षक लगता है। कॉस्ट्यूम डिज़ाइन और सेट्स में बारीकी का ध्यान रखा गया है—चाहे वह रेड कार्पेट का ग्लैमर हो या फिल्म सेट का नियंत्रित अराजकता। सब कुछ ऐसा लगता है जैसे आप बॉलीवुड की दुनिया में सैर कर रहे हों।
म्युझिक
The Ba**ds of Bollywood* का म्यूज़िक उतना ही बोल्ड और नया है जितनी इसकी कहानी। बैकग्राउंड स्कोर और गाने कहानी को और गहरा करते हैं। संगीत कभी सीन को हल्का करता है, तो कभी भावनात्मक पलों को और वज़नदार बनाता है। शशवत सचदेव, उज्जवल गुप्ता और अनिरुद्ध रविचंदर ने पहली बार किसी टीवी सीरीज़ के लिए कंपोज़ किया है। अरिजीत सिंह और अमीरा गिल का गाया “बदली सी हवा है” सीरीज़ का मूड सेट कर देता है। वहीं राजा कुमारी और बादशाह के ट्रैक्स इसे और युवा और एटिट्यूड वाला टच देते हैं। साउंडट्रैक मज़ेदार, एनर्जेटिक और कहानी के साथ मेल खाता है। कुल मिलाकर, म्यूज़िक इस सीरीज़ का स्ट्रॉन्ग पॉइंट है।सीरीज़ में एक दिलचस्प ट्विस्ट है अर्शद वारसी के हिस्से का। जब भी वो स्क्रीन पर आते हैं, बैकग्राउंड में गफ़ूर की आवाज़ सुनाई देती है।
कमियाँ
कोई भी प्रोजेक्ट परफेक्ट नहीं होता, और इस सीरीज़ में भी कुछ कमियाँ हैं। कुछ एपिसोड्स में रफ्तार थोड़ी धीमी हो जाती है, कुछ हास्य के पल ज़रूरत से ज़्यादा ओवर-द-टॉप लगते हैं, जो कहानी के मूड से थोड़ा हटकर महसूस होते हैं। इसके अलावा, कुछ सपोर्टिंग किरदारों को और स्क्रीन टाइम मिलता, तो उनकी गहराई और बढ़ सकती थी। ये छोटी-मोटी कमियाँ हैं, जो सीरीज़ के कुल प्रभाव को कम नहीं करतीं।
बॉलीवुड का आईना
द बै**ड्स ऑफ बॉलीवुड की खासियत यह है कि यह सुरक्षित रास्ता नहीं चुनती। यह न तो बॉलीवुड का सिर्फ़ गुणगान करती है और न ही उसे पूरी तरह नकारती है। यह एक ऐसा आईना है, जो इंडस्ट्री की चमक और खामियों, दोनों को दिखाता है। यह सपनों की नगरी के साथ-साथ उस जंग को भी उजागर करता है, जो इस चमक के पीछे लड़ी जाती है। कहानी यूनिवर्सल है—महत्वाकांक्षा, वफादारी और विश्वासघात—लेकिन इसका देसी स्वाद इसे और खास बनाता है।
और हां, फिल्म का अंत। बिना स्पॉयलर दिए कहूँ तो यह वैसा ट्विस्ट है जो सीट से उठने नहीं देता। आखिरी सीन में एक पल के लिए आप ठहर जाते हैं।
इन शोर्ट द बै**ड्स ऑफ बॉलीवुड में मज़बूत किरदार, चुटीला लेखन और आर्यन खान का दमदार निर्देशन है। लक्ष्य, राघव जुयाल और बॉबी देओल की परफॉर्मेंस लाजवाब हैं, और अंत का ट्विस्ट कहानी को नया आयाम देता है।
⭐⭐⭐⭐ (4/5 सितारे)


