देवभूमि हरिद्वार की पावन धरती से निकली एक नई और सुमधुर आवाज अब मायानगरी मुंबई के संगीत जगत में अपनी पहचान बनाने को तैयार है। युवा गायक आशु सहगल ने अपने नए गीत “अरे झुमका बाली रे” के साथ संगीत की दुनिया में दमदार शुरुआत की है। इस गीत को बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार एस पी सेन ने संगीतबद्ध किया है और इसके बोल भी स्वयं लिखे हैं।
यह गीत मुंबई के प्रिया सारेगा स्टूडियो में रिकॉर्ड किया गया है और जल्द ही मून मूवीज़ के यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ होगा। इस प्रोजेक्ट के निर्माता सोमपाल सहगल हैं, जिन्होंने इसे खास अंदाज़ में प्रस्तुत किया है। गीत में लोकसंगीत की मिठास और आधुनिक संगीत का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।
हरिद्वार के गांव भारापूर भौंरी के निवासी आशु सहगल ने संगीत की शुरुआती शिक्षा मीनू पंडित से ली। वर्तमान में वे सुश्री करुणा चौहान से गायकी की बारीकियां सीख रहे हैं। बीए सेकंड ईयर की पढ़ाई के साथ-साथ आशु अपने संगीत के जुनून को पूरी लगन से आगे बढ़ा रहे हैं। वे मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, कुमार शानू, उदित नारायण और अरिजीत सिंह जैसे महान गायकों को अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं। इन दिग्गजों की गायकी से प्रेरणा लेकर आशु अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं।
इससे पहले आशु फिल्म “मन से मन तक” का टाइटल गीत गा चुके हैं और एक म्यूजिक एल्बम में भी अपनी आवाज दे चुके हैं। अब वे एक और फिल्म के लिए गीत रिकॉर्ड करने की तैयारी में हैं, जो उनके करियर के लिए अहम साबित हो सकता है।
आशु की इस यात्रा में उनके पिता का विशेष योगदान रहा है। रिकॉर्डिंग के दौरान भी वे स्टूडियो में मौजूद रहे और बेटे का उत्साह बढ़ाया। गांव के लोग भी आशु को प्रतिभाशाली गायक मानते हैं और उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।
संगीतकार एस पी सेन ने आशु की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी आवाज में अलग अंदाज़ और सच्चाई है। उन्होंने इस गीत को पूरे मन से गाया है। वहीं आशु सहगल ने इस अवसर के लिए एस पी सेन का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह गीत उनके सपनों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
“अरे झुमका बाली रे” केवल एक गीत नहीं, बल्कि एक युवा कलाकार के सपनों की मधुर शुरुआत है।
Subscribe Deshwale on YouTube


