मुंबई की लोकल ट्रेनें मुंबई की लाइफलाइन हैं, लेकिन रोजाना बढ़ती भीड़ यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। अब इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि मुंबई के लिए 238 नई हाई-क्वालिटी लोकल ट्रेनें जल्द शुरू की जाएंगी।
यात्रियों को मिलेगी राहत
मुंबई की लोकल ट्रेनों में रोजाना लाखों लोग सफर करते हैं। भीड़ की वजह से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को सुधारने के लिए सरकार नई ट्रेनें लाने जा रही है, जिससे ट्रेन फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी और भीड़ कम होगी।
संसद में हुई घोषणा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंबई के लोकल नेटवर्क को अपग्रेड करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। नई ट्रेनों के अलावा, लोकल डिब्बों में अत्याधुनिक तकनीक जोड़ी जाएगी, जिससे सफर ज्यादा आरामदायक होगा।
पुरानी ट्रेनें होंगी रिप्लेस
इस प्रोजेक्ट के तहत पुरानी और जर्जर हो चुकी लोकल ट्रेनों को हटाकर नई हाई-क्वालिटी ट्रेनें लाई जाएंगी। महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर रेलवे इस बदलाव को जल्द पूरा करने की योजना बना रहा है।
लोकल नेटवर्क का विस्तार
मुंबई लोकल के तीन प्रमुख रूट वेस्टर्न, सेंट्रल और हार्बर लाइन पर चलते हैं। यह नेटवर्क वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली और पनवेल तक फैला हुआ है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहा है।
पनवेल-कर्जत रेलवे लाइन का विस्तार तेजी से हो रहा है। हाल ही में मोहोप स्टेशन पर पहली ‘एंड अनलोडिंग रेक’ का सफल ट्रायल किया गया। यह ट्रायल नई रेलवे लाइन पर लंबी वेल्डेड रेल पटरियां बिछाने की दिशा में बड़ा कदम है।
यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव
नई ट्रेनों के आने से मुंबई की लोकल सेवा पहले से ज्यादा सुविधाजनक और सुगम हो जाएगी। सरकार के इस फैसले से लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।


