अब सोचिए, आप एक साधारण कॉलेज स्टूडेंट हों और अचानक एक टैक्स नोटिस आ जाए जिसमें लिखा हो कि आपने ₹35 करोड़ का लेन-देन किया है और अब आपको जीएसटी चुकाना है। ऐसा ही कुछ हुआ मुंबई की एक लड़की के साथ, जो इस नोटिस को देखकर हक्का-बक्का रह गई।
ये लड़की मालाड वेस्ट में रहती है। जैसे ही उसे इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की तरफ से नोटिस मिला, वो घबरा गई। सीधा मालवणी पुलिस स्टेशन पहुंची और वहां बताया कि वो तो बस एक स्टूडेंट है, इतना पैसा उसके ख्वाबों में भी नहीं है।
पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने उसकी आईडी का गलत इस्तेमाल करके उसके नाम से फर्जी बैंक अकाउंट खोल लिया था। और उस अकाउंट का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए किया जा रहा था।
दो आरोपी गिरफ्तार, कई फर्जी अकाउंट का पता चला
मुंबई पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और दो लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों का नाम है अभिषेक पांडे और आकाश विश्वकर्मा। दोनों को कांदिवली और बोरीवली से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, ये लोग बेरोजगार युवाओं को फर्जी नौकरी के बहाने फंसाते थे और उनसे आधार, पैन जैसे जरूरी दस्तावेज ले लेते थे। फिर उन्हीं कागजात से नकली बैंक खाते खोलते थे।
अब तक पुलिस को इस गिरोह से जुड़े 10 से 12 फर्जी अकाउंट का पता चला है। जांच अभी भी जारी है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
अब ज़रा संभल जाइए, अपने डॉक्यूमेंट्स को ऐसे रखें सुरक्षित
ये घटना सिर्फ एक स्टूडेंट के साथ नहीं हो सकती, कल को कोई भी शिकार बन सकता है। इसलिए अपने डॉक्यूमेंट्स को लेकर लापरवाह बिल्कुल मत बनिए। कुछ आसान सी सावधानियां हैं, जो आपकी पहचान को सुरक्षित रख सकती हैं:
- किसी को भी डॉक्यूमेंट भेजने से पहले सोचिए: किसी अनजान वेबसाइट या WhatsApp पर आधार या पैन शेयर करने से पहले अच्छे से जांच लें कि क्यों मांग रहे हैं और कौन है सामने वाला।
- फोटो कॉपी पर लिखावट ज़रूरी है: जब भी किसी को डॉक्यूमेंट की कॉपी दें, उस पर उद्देश्य, तारीख और अपना सिग्नेचर लिखें, जैसे – “केवल बैंक अकाउंट के लिए”।
- आधार लॉक करें: UIDAI की वेबसाइट या mAadhaar ऐप से आप अपने आधार नंबर को लॉक और अनलॉक कर सकते हैं, ताकि कोई दूसरा उसका इस्तेमाल न कर सके।
- क्रेडिट स्कोर पर नज़र रखें: CIBIL या Experian जैसे पोर्टल्स पर अपना स्कोर चेक करते रहें, इससे पता चल सकता है कि कहीं आपके नाम पर कोई लोन या कार्ड तो नहीं खुला।
- पैन से जुड़ी जानकारी जांचें: इनकम टैक्स की वेबसाइट पर जाकर पता कर सकते हैं कि आपका पैन कहां-कहां लिंक है। कुछ भी अजीब लगे तो तुरंत कदम उठाइए।
- अगर शक हो, तो रिपोर्ट करें: अगर आपको लगे कि आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल हुआ है, तो तुरंत cybercrime.gov.in पर शिकायत करें और पास के पुलिस स्टेशन भी जाएं।
सिर्फ सरकारी प्लेटफॉर्म्स पर भरोसा करें: DigiLocker या Aadhaar Vault जैसे सरकारी ऐप्स का इस्तेमाल करें, जो सेफ और भरोसेमंद हैं।


