जून 2025 में दो बड़ी वेब सीरीज रिलीज हुईं, पहली अमेज़न प्राइम की पंचायत, जिसका रिव्यू मैं पहले ही दे चुका हूँ। और दूसरी नेटफ्लिक्स की स्क्विड गेम सीज़न 3। सच कहूं तो स्क्विड गेम देखने के बाद, मैं काफी समय तक मैं सोच में पड़ा रहा। क्योंकि ये कोई ऐसा शो नहीं है जो आपको क्लाइमेक्स पर ताली बजाने का मौका देगा, या जिसे देख के आप सीटियाँ बजाएंगे। ये धीरे-धीरे आपको अंदर से सोचने पे मजबूर कर देता है। यह सीरीज खत्म होने के बाद भी खत्म नहीं हुई। सीजन 1 के एक्साइटमेंट से शुरू होकर सीजन 3 के एक ईमोशनल पहलू पर खत्म होने वाली ये सीरीज अपने आप में काफी कुछ कह गई।
यह सीरीज जब आई थी, तब किसी को पता नहीं था की बच्चों का खेल दिखाने वाली ये सीरीज एक लोकप्रिय थ्रिलर सीरीज बन जाएगी।
कहानी का सार था बच्चों द्वारा खेली जाने वाली गुप्त प्रतियोगिता… जहाँ 456 खिलाड़ी मौजूद थे, जो सभी गहरी आर्थिक तंगी में थे। और यह खिलाड़ी ₩ 45.6 बिलियन नकद पुरस्कार, प्रति प्रतियोगी ₩100 मिलियन जीतने के मौके के लिए घातक बच्चों के खेल की एक श्रृंखला खेलने के लिए अपने जीवन को जोखिम में डालते हैं।
दो सीज़न के एक्साइटमेंट और सक्सेस के बाद, तीसरा सीजन एक ईमोशनल मझधार में आकर ठहर गया। इस बार सियोंग गि-हुन की आंखों में न जीतने आग थी, न जीने की चाह और न ही उस चक्रव्यूह से बाहर निकलने की उम्मीद। उसके चेहरे पर बस थकान थी, गुस्सा था और एक अजीब सी चुप्पी। वही आदमी जो कभी जीत चुका था, अब खुद से हार चुका था। सीजन 2 में लोगों की जान बचाने की नाकामी ने उसे तोड़ दिया था।
सियोंग गि-हुन ने जिस बगावत की उम्मीद थी, वो पिछली बार नाकाम रही। और अब जो बचे हैं, उन्हें पता है की यहां कोई हीरो नहीं बनेगा। खेल तो फिर शुरू हो गया है, लेकिन इस बार सब कुछ और भी ज़्यादा खौफनाक है। इस बार न तो नियम साफ़ हैं और न ही रास्ता।
इस बार 60 लोग बचे हैं, लेकिन एक-एक गेम ऐसा है कि देखने में भी डर लगे। एक एपिसोड में ‘स्टारी नाइट’ जैसी पेंटिंग वाले कमरे में लोग एक-दूसरे को मारने पर मजबूर हैं। किसी के दिल में मौत का डर है तो किसी के दिल में पैसों का लालच। यह सुनने में अजीब लगता है, पर वो सीन इतना खूबसूरत और खौफनाक एक साथ था कि मैं पलकें झपकाना भूल गया।
हर किरदार कुछ अलग है। जून-ही, जो की एक गर्भवती है महिला दिखाई है, उसे डर भी है, लेकिन वो हार मानने का नाम नहीं लेती। ह्यून-जू, जो ट्रांसजेंडर है, हर पल खुद को साबित कर रही है। म्योंग-गी, जो इतना मासूम दिखता है लेकिन अंदर से शातिर और चालाक है। ये सब आपको झकझोर देते हैं, क्योंकि ये सिर्फ किरदार नहीं लगते… ये जैसे आपके आस-पास के लोग हों।
इस सीजन की खासियत है उसके कलाकार। हर एक कलाकार का अपना अलग ही किरदार है। कोई नशे का आदि है, तो कोई शांत और डरपोक। कोई खुद को ईश्वर की बेटी कहती है। यहाँ तक की एक माँ-बेटे की जोड़ी भी है, जो आखिर तक नहीं टूटती।
यहाँ किसी को नहीं पता की कौन किस समय अपना रंग बदल दे। जो पता है, वो ये है की ज़िंदा बचना है और पैसे लेके घर जाना है। जोकि नामुमकिन है।
फिर आते हैं वो VIPs जिनके लिए ये सारा खेल रचा गया था। यह अजीब नकाबपोश VIP, लोगों को आपस में लड़ता देख और उन्हे मरता देख मज़े ले रहे हैं।
सियोंग गि-हुन इस बार एकदम शांत है, लेकिन उसका चेहरा बहुत कुछ बयां करता है। ली जंग-जे का अभिनय इतना सधा हुआ है कि बिना डायलॉग के भी आप उसका दर्द समझ लेते हो। एक सीन में जब वो सिर्फ सामने देखता है और कुछ नहीं बोलता, तो लगता है जैसे दिल की सांसें रुक गई हों।
फ्रंट मैन की कहानी भी इस बार खुलती है। उसका और उसके भाई जून-हो का रिश्ता धीरे-धीरे पिघलता है, लेकिन आपको वो टकराव नहीं मिलेगा जिसकी आपको उम्मीद है।
बीच-बीच में कुछ पल ऐसे आते हैं जहां आप टूट जाते हो। कोई आंखों से माफ़ी मांग रहा होता है, कोई किसी का हाथ थाम लेता है, और कहीं एक बच्चे की रोने की आवाज़ सब कुछ रोक देती है।
इस सीजन में दो ऐसे बड़े ट्विस्ट हैं जो आपको काफी ईमोशनल कर देंगे, लेकिन ये उम्मीद न करना की मैं उन ट्विस्ट को आपको बताऊँगा। उन ट्विस्ट को जानने के लिए आप खुद ये सीजन देखने का कष्ट उठाओ, तभी तो मज़ा आएगा।
इस बार साफ़ लगा कि क्रिएटर ह्वांग डोंग-ह्यूक ने किसी से समझौता नहीं किया। ये सीज़न सिर्फ पैसे कमाने के लिए नहीं बना, ये एक बयान है। और वो बयान सीधा मुंह पर पड़ता है… कि सिस्टम बदलना आसान नहीं है, और अकेला आदमी सब कुछ नहीं कर सकता।
स्क्विड गेम सीज़न 3 आपको जीत नहीं देता, सवाल देता है। ये आपको खुद से पूछने पर मजबूर करता है… अगर तुम वहां होते तो क्या करते? क्या तुम भी पैसों के लालच में इंसानियत छोड़ देते, या ज़िंदा रहने के लिए वो सब कुछ छोड़ देते?
यही इस सीज़न की सबसे बड़ी जीत है। ये सिर्फ एक शो नहीं है, ये एक आईना है।
सीरीज शुरुआत में थोड़ा स्लो जरूर है, लेकिन नाउम्मीद करने वाली बिल्कुल नहीं। हर एक कलाकार ने अपना काम बखूबी निभाया है। स्टोरी प्लॉट एक दम सीधा और सटीक है। इस सीजन के ट्विस्ट ने इसे और मजबूत कर दिया और ये बिल्कुल भी बेवजह नहीं हैं।
रोमांच से शुरू हुई ये सीरीज ने अंत तक आते-आते काफी कुछ सिखाया और ईमोशनल किया है।
रेटिंग: ⭐⭐⭐☆☆ (3/5)
स्क्विड गेम सीज़न 3 भावनात्मक रूप से गहरा और देखने लायक तो बिल्कुल है लेकिन यह थोड़ा स्लो भी है।
Also Read: पंचायत सीजन 4 रिव्यू: जब फुलेरा बना चुनावी रणभूमि, और कहानी रह गई मुद्दों में बंटकर अधूरी


