- कभी काम की वजह से फैमिली फंक्शन छोड़ा है?
- पत्नी के साथ डिनर प्लान को सिर्फ इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि आप थक चुके थे?
- बच्चे की पैरेंट-टीचर मीटिंग मिस की क्योंकि टाइम ही नहीं था?
- कभी माँ को कहा, “नहीं माँ, आज नहीं, कल चलते हैं डॉक्टर के पास”?
या फिर, काम के बोझ तले दबे हुए, गुस्से में बड़बड़ाते हुए खुद को पाया?
अगर इनमें से कुछ भी आपको जाना-पहचाना लगता है, तो बधाई हो! आप आधिकारिक तौर पर ओवरवर्क के चक्र में फंस चुके हैं।
ये सुबह 9 से शाम 6 का जॉब (जो असल में सुबह 9 से अनंत तक चलता है) सिर्फ नौकरी नहीं है। ये एक ऐसा चक्कर है जो आपका सबकुछ चूस लेता है:
- आपकी व्यक्तिगत जिंदगी
- आपकी सेहत
- आपकी नींद
- आपकी मानसिक शांति
- और सबसे कीमती… आपका वक्त!
और बदले में आपको क्या मिलता है? निराशा, तनाव, और एक ऐसा कॉरपोरेट सिस्टम जो आपको एक सेकंड में बदल देगा, जब उसे आपसे बेहतर कोई और मिल जाएगा।
कोई इस बारे में बात नहीं करता, लेकिन फिक्र न करें, आप और मैं इसे डिस्कस करेंगे।
70-90 घंटे काम?
कुछ समय पहले एन. आर. नारायण मूर्ति ने कहा था कि युवा भारतीयों को देश की प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए हफ्ते में 70 घंटे काम करना चाहिए।
फिर एलएंडटी के चेयरमैन एस. एन. सुब्रह्मण्यन ने तो हद ही कर दी… कहा, “70 पर क्यों रुकें? कर्मचारियों को हफ्ते में 90 घंटे, रविवार को भी काम करना चाहिए!”
सचमुच?
अगर हम इस लॉजिक को फॉलो करें, तो हमें मिलेगा:
- हाइपरटेंशन
- एंग्जाइटी
- दिल का दौरा
- फैमिली से पूरी तरह कट जाना
- ऑफिस के क्यूबिकल में रहना, स्क्रीन के सामने मरने तक काम करना।
लेकिन कोई ये नहीं बता रहा कि कर्मचारी को बदले में क्या मिलता है?
- लंबे घंटे काम करने का कोई खास फायदा नहीं।
- सारी कुर्बानी देने के बाद भी जॉब सिक्योरिटी नहीं।
सोचिए, अगर आप 70-90 घंटे हफ्ते में काम करें और कोई ज्यादा स्मार्ट, ज्यादा जवान आपकी जगह ले ले, तो क्या होगा?
आप फिर से किसी जॉब पोर्टल्स पर भटक रहे होंगे, दूसरी ऐसी नौकरी ढूंढते हुए जो आपको फिर से उसी तरह निचोड़ेगी।

ओवरवर्क आपको मार रहा है, और किसी को फर्क नहीं पड़ता
चलो, कुछ फैक्ट्स की बात करते हैं। ओवरवर्क सिर्फ तनाव नहीं देता, ये आपके शरीर और दिमाग को बर्बाद कर रहा है।
स्टडीज बताती हैं कि दिन में 10 घंटे से ज्यादा काम करने से:
- हाइपरटेंशन और दिल की बीमारी का खतरा 60% बढ़ जाता है।
- मोटापा और डायबिटीज का रिस्क 45% तक बढ़ता है।
- एंग्जाइटी और डिप्रेशन का खतरा सामान्य से तीन गुना ज्यादा।
बताइए,
- आखिरी बार आपने 8 घंटे की नींद कब ली थी?
- आखिरी बार बिना ईमेल चेक किए खाना कब खाया?
- आखिरी बार कब आपने खुद को स्वस्थ महसूस किया?
बिल्कुल। ये लाइफस्टाइल आपको धीरे-धीरे मार रही है। और वो मेडिकल बिल्स जो इस कॉरपोरेट तनाव की वजह से ढेर हो रहे हैं?
तो भले ही आप अच्छा कमा रहे हों, आपकी आधी सैलरी तो डॉक्टर्स, दवाइयों, और स्ट्रेस रिलीफ पर खर्च हो रही है।
ये वैसे ही है जैसे आप ट्रेडमिल पर दौड़ रहे हैं… कितना भी तेज भाग लें, लेकिन कहीं पहुंच ही नहीं रहे।

जिस फैमिली के लिए काम कर रहे हो, उसे खो रहे हो
ओवरवर्क सिर्फ आपकी सेहत नहीं चुराता, ये धीरे-धीरे आपकी फैमिली और रिश्तों को भी तोड़ देता है।
- आखिरी बार अपनी पत्नी से ढंग से बात कब की थी?
- आखिरी बार आपका बच्चा कुछ एक्साइटेड होकर बताने आया और आपने सचमुच सुना, कब?
- आखिरी बार अपने माता-पिता के साथ बिना फोन चेक किए कब बैठे थे?
ज्यादातर मध्यम वर्ग के लोग ‘वीकेंड पेरेंट्स’ बन गए हैं। उनके बच्चे उनकी पीठ ज्यादा देखते हैं, चेहरा कम।
और क्योंकि वर्क स्ट्रेस घर तक पीछा करता है, पर्सनल मोमेंट्स भी… निराशा, चिड़चिड़ापन और झगड़ों में बदल जाते हैं। कोई आश्चर्य नहीं कि इतनी शादियां टूट रही हैं।
वर्क-लाइफ बैलेंस? वो क्या होता है, पता ही नहीं है।

ज्यादा काम = ज्यादा पैसा? सबसे बड़ा धोखा
आछ चलिए आप बताइये, अगर ज्यादा घंटे काम करने से लोग अमीर हो जाते, तो क्या सिक्योरिटी गार्ड्स और डिलीवरी बॉयज अब तक करोड़पति न होते?
कड़वा सच ये है की:
- ज्यादा काम का मतलब ज्यादा पैसा नहीं।
- आपको एक्स्ट्रा घंटों के लिए एक्स्ट्रा नहीं मिलता।
- आपके खर्चे बढ़ जाते हैं (मेडिकल, स्ट्रेस रिलीफ, खाना, ट्रांसपोर्ट)।
- आप कमाने और खर्च करने के अंतहीन चक्र में फंस जाते हैं।
तो वो फाइनेंशियल फ्रीडम कहां है?
वो ‘मेहनत का फल ज़रूर मिलता है’ वाली कहानी कहां है? कहीं नहीं।

एक चक्कर जो कभी खत्म नहीं होता
मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा मेहनत करता है, लेकिन सबसे ज्यादा फंसा रहता है।
- ज्यादा पैसा कमाने के लिए आप एक्स्ट्रा काम करते हैं।
- ज्यादा पैसा = ज्यादा ईएमआई (EMI), ज्यादा किराया, स्कूल फीस, बढ़ते खर्चे।
- बढ़ते खर्चों को पूरा करने के लिए और ज्यादा काम करते हैं।
- इससे पहले कि आप समझें, आपकी पूरी जिंदगी सर्वाइवल मोड में बीत जाती है।
* 30 की उम्र में आप बीपी की दवा ले रहे होते हैं।
* 40 में कॉरपोरेट आपका यंगर रिप्लेसमेंट ढूंढना शुरू कर देता है।
* 50 में आप जॉब इनसिक्योर और मानसिक रूप से थके हुए होते हैं।
* 60 में आप रिटायर होते हैं, लेकिन किस कीमत पर?

हमारी भारतीय कामकाजी महिलाएं? दोगुना काम, शून्य सपोर्ट
जब ओवरवर्क की बात हो, तो हमारी भारतीय महिलाओं के बारे में भी सोचें। क्योंकि उनकी शिफ्ट कभी खत्म नहीं होती। वो दिनभर ऑफिस की डेडलाइंस, क्लाइंट कॉल्स और नॉन-स्टॉप मीटिंग्स में उलझी रहती है। लेकिन घर पहुंचते ही? दूसरी शिफ्ट शुरू। खाना बनाना, सफाई करना, बच्चों को संभालना, बड़ों की देखभाल… थकी हो या न हो, घर को उससे मशीन की तरह काम करने की उम्मीद रहती है। चाहे कितनी भी थकान हो, उसे ब्रेक नहीं मिलता। घर में उसका काम 24/7, बिना वेतन और ज्यादातर असरहनीय।

मातृत्व या चाइल्डकेयर सपोर्ट? भूल जाइए!
ज्यादातर कंपनियां मैटरनिटी अवकाश को लक्जरी समझती हैं, उन्हे लगते है की ये बेज़रूरत अवकाश है। इसी कारण कई महिलाएं बच्चे के जन्म के बाद नौकरी छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं क्योंकि कोई ढंग का सपोर्ट नहीं।
- न फ्लेक्सिबल घंटे।
- न चाइल्डकेयर सुविधाएं।
- कुछ भी नहीं।
और अगर वो थोड़ा एडजस्टमेंट मांग ले? उसे लायबिलिटी समझा जाता है।

दूसरी शिफ्ट: ऑफिस का काम खत्म, घर का काम शुरू
- पुरुष काम से घर आता है, जूते उतारता है, और रिलैक्स करता है।
- महिला काम से घर आती है… और दूसरा राउंड शुरू।
- वर्क कॉल्स के बीच डिनर बनाना।
- सबके बाद सफाई करना, जैसे ये कोई अनपेड पार्ट-टाइम जॉब हो।
- बच्चों के होमवर्क में मदद करते हुए ऑफिस की डेडलाइंस पूरी करना।
- किराना, लॉन्ड्री, और कई दूसरी चीजें जो कोई नोटिस भी नहीं करता।
कोई नहीं पूछता, “तुम्हारा दिन कैसा रहा?” कोई परवाह नहीं करता, “तुम कितनी थकी हो।”
घर बस उससे सबकुछ करने की उम्मीद रखता है। वो सिर्फ ऑफिस में कर्मचारी नहीं, बल्कि घर में शेफ, क्लीनर, ट्यूटर, नर्स, इवेंट प्लानर और इमोशनल सपोर्ट सिस्टम भी है। और सबसे मज़ेदार बात? न सैलरी, न अप्रिशिएशन, न ब्रेक।

वर्क फ्रॉम होम? हर जगह से काम!
कुछ लोग सोचते हैं कि वर्क फ्रॉम होम महिलाओं के लिए वरदान है। लेकिन असल में ये जाल है।
क्यों? क्योंकि ‘घर पे हो न?’ का मतलब ऑटोमैटिकली हो जाता है:
- तो थोड़ा खाना बना दो।
- ज़रा बर्तन धुल जाएंगे?
- बच्चों का ध्यान रख लो न, वैसे भी घर पे ही तो हो।
तो अब उसे ऑफिस का काम और घर का काम एक साथ करना पड़ता है।
- बच्चे के रोने की आवाज़ के बीच मीटिंग्स।
- चपाती बनाते और लॉन्ड्री करते हुए डेडलाइंस चेज़ करना।
- और अगर वो शिकायत करे? तो एक दिल जलाने वाला वाक्य… “पर तुम तो घर से ही काम करती हो न!”

कोई नहीं पूछता कि वो कितनी थकी है
- एक कामकाजी महिला सबके पहले उठती है, सबके बाद सोती है, फिर भी सुनती है, “तुम सारा दिन करती ही क्या हो?”
- वो अपनी सेहत, नींद, और मानसिक शांति की कुर्बानी देती है… फिर भी उसे जज किया जाता है।
- घर गंदा है? उसकी गलती।
- बच्चे बदतमीजी करते हैं? उसकी गलती।
- वर्क को प्रायोरिटी दे? वो स्वार्थी है।
- घर को प्रायोरिटी दे? वो करियर में सीरियस नहीं।
- पुरुष काम करता है और घर आकर आराम करता है।
- महिला काम करती है और घर आकर और सिर्फ काम करती है।
ये नॉर्मल नहीं है कि एक महिला हर दिन थकान से चूर हो जाए। गर हम इसे इग्नोर करते रहे, तो जल्द ही हमारे पास सिर्फ ओवरवर्क्ड कर्मचारी नहीं होंगे… बल्कि ऐसी ओवरवर्क्ड, बर्नआउट महिलाएं होंगी जिनके पास देने को कुछ नहीं बचेगा
ओवरवर्क सबको मार रहा है। लेकिन महिलाओं के लिए, ये एक धीमी, चुपके से आने वाली मौत है।

सोशल प्रेशर और गिल्ट
हमारा समाज ओवरवर्क को ‘हार्ड वर्क’ का तमगा देता है।
- अगर आप हमेशा बिज़ी नहीं हैं, तो लोग आपको आलसी या महत्वाकांक्षा-रहित समझते हैं।
- कभी ब्रेक लेने की वजह से गिल्ट फील किया?
- कभी खुद को उस शख्स से कंपेयर किया जो तीन-तीन जॉब्स करता है?
ये टॉक्सिक माइंडसेट ही है जो लोगों को अपनी मानसिक शांति कुर्बान करने पर मजबूर करता है, बस दूसरों से आगे रहने के लिए।
इससे कैसे निकलें?
- वर्क पर सीमाएं बनाएं
- अवास्तविक डिमांड्स को ‘नहीं’ कहना सीखें।
- ऑफिस छोड़ते ही काम खत्म। इसे घर मत लाएं।
- ‘हसल कल्चर’ के जाल में न फंसें
- ज़िंदगी कोई रेस नहीं है। अगर आप जल्दी मर गए, तो आपकी कंपनी एक हफ्ते में आपको रिप्लेस कर देगी।
- ब्रेक लें, अपनी सेहत को वर्क से ऊपर रखें।
- कॉरपोरेट मशीन न बनें!
- आपका जन्म मरने तक काम करने के लिए नहीं हुआ।
- अगर आपकी जॉब आपकी सेहत, खुशी और फैमिली टाइम चुरा रही है, तो ये जॉब नहीं, जाल है।
कॉरपोरेट को आपकी फिक्र नहीं, वो प्रॉफिट चाहते हैं, आपकी भलाई नहीं।
तो, आप क्या करेंगे?
- मशीन की तरह काम करते रहेंगे जब तक वो आपको रिप्लेस न कर दें?
- या जागेंगे, कंट्रोल लेंगे, और अपनी शर्तों पर जिंदगी जिएंगे?
चॉइस आपकी है। स्मार्ट काम करें, सिर्फ मेहनत नहीं।

