अगर आप ऑनलाइन शॉपिंग करने से पहले गूगल पर प्रोडक्ट सर्च करते हैं, तो अब इसकी ज़रूरत नहीं पड़ेगी। OpenAI ने अपने AI चैटबॉट ChatGPT में एक नया फीचर जोड़ दिया है, जिससे आप अब सीधे चैट के ज़रिए ही शॉपिंग कर सकते हैं — और वो भी बिना अलग टैब या साइट्स खोले।
इस नए अपडेट के साथ अब ChatGPT आपको प्रोडक्ट्स की डिटेल्स, प्राइसिंग, रिव्यू और खरीदने का डायरेक्ट लिंक — सब कुछ एक ही जगह दिखाएगा। यानी अब ChatGPT सिर्फ बातें करने वाला टूल नहीं रहा, ये अब आपका पर्सनल शॉपिंग असिस्टेंट बन गया है।
गूगल को टक्कर देने उतरा ChatGPT
पिछले कुछ महीनों में OpenAI ने ChatGPT को लगातार स्मार्ट बनाया है। कभी इमेज जनरेशन टूल जोड़कर लोगों को Ghibli स्टाइल में फोटो बदलने का मौका दिया, तो कभी जवाबों को और बेहतर बनाया। अब कंपनी एक और बड़ा अपडेट लेकर आई है जो सीधे गूगल सर्च से मुकाबला कर रहा है।
ChatGPT के ‘सर्च मोड’ में नया शॉपिंग फीचर जोड़ा गया है, जिससे आप वेब पर कुछ भी सर्च कर सकते हैं — और वो भी पूरे कॉन्टेक्स्ट के साथ। मतलब ये है कि ChatGPT अब आपको सिर्फ लिंक नहीं देगा, बल्कि प्रोडक्ट की इमेज, कीमत, तुलना और रिव्यू जैसे डिटेल्स के साथ पूरी जानकारी देगा, ताकि आप आराम से फैसला ले सकें।
ये फीचर खास क्यों है?
कंपनी का कहना है कि अब ChatGPT से प्रोडक्ट सर्च करना, कंपेयर करना और खरीदारी करना बहुत ही आसान हो जाएगा। ये सुविधा GPT-4o यानी ChatGPT के डिफॉल्ट मॉडल पर चल रही है।
OpenAI ने ये भी बताया कि सिर्फ एक हफ्ते में ChatGPT सर्च मोड का इस्तेमाल करते हुए 1 बिलियन से ज़्यादा सर्च किए जा चुके हैं। इसका मतलब है कि लोग तेजी से इस फीचर को अपना रहे हैं।
सबसे अच्छी बात ये है कि जो प्रोडक्ट्स आपको दिखेंगे, वो किसी तरह के विज्ञापन नहीं होंगे। यानी जो रिज़ल्ट्स मिलेंगे, वो किसी पेड प्रमोशन की वजह से नहीं, बल्कि आपके सर्च से जुड़े होने की वजह से दिखेंगे।
कौन-कौन कर सकता है इस्तेमाल?
ये नया फीचर सिर्फ प्रीमियम यूज़र्स तक सीमित नहीं है। ChatGPT Plus, Pro, और यहां तक कि Free यूज़र्स और बिना लॉग-इन वाले लोग भी इसे इस्तेमाल कर पाएंगे। धीरे-धीरे ये अपडेट सभी यूज़र्स तक पहुंचाया जा रहा है और उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में पूरी तरह रोलआउट हो जाएगा।
WhatsApp पर भी नया अपडेट
इतना ही नहीं, OpenAI ने WhatsApp यूज़र्स के लिए भी एक नया अपडेट निकाला है। अब आप लाइव स्पोर्ट्स स्कोर या लेटेस्ट जानकारी पाने के लिए इस नंबर +1-800-242-8478 पर WhatsApp मैसेज कर सकते हैं। ChatGPT अब WhatsApp के ज़रिए भी आपकी मदद करेगा।


