शतरंज, 64 खानों के बोर्ड पर खेले जाने वाला एक ऐसा खेल जिसको खेलने के लिए आपके पास धैर्य, दिमाग, सामने वाले व्यक्ति की चाल समझ मे आना बोहत ही जरूरी है|
आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय रणनीतिक खेलों में से एक खेल शतरंज है, ओर आप मे से कई लोगों का पसंदीदा खेल भी, आज यह खेल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक अपनी पहचान बना चुका है।
लेकिन, क्या आप जानते हैं कि शतरंज की शुरुआत कहा हुई थी?
चलिए जानते है|
करीब 1,500 साल पुराने इस खेल ने कई देशों की यात्राएं कीं और समय के साथ-साथ इसका स्वरूप भी बदलता गया।
शतरंज का सबसे पुराना स्पष्ट रूप भारत में खेले जाने वाले ‘चतुरंग’ को माना जाता है। इसके शुरुआती प्रमाण छठी और सातवीं शताब्दी के आसपास मिलते हैं। संस्कृत के शब्द ‘चतुरंग’ का अर्थ है सेना के चार अंग यानी पैदल सैनिक, घुड़सवार, हाथी और रथ। उस समय का यह खेल युद्ध की रणनीतियों पर आधारित था।
चतुरंग को आठ गुणा आठ खानों वाले खेल के बोर्ड पर खेला जाता था। इसमें अलग-अलग मोहरों की अपनी विशेष चालें थीं और खेल का परिणाम राजा की स्थिति पर निर्भर करता था। यही दो विशेषताएं आगे चलकर शतरंज के अलग-अलग रूपों का आधार बनीं।
उस दौर में शतरंज केवल मनोरंजन का साधन नहीं था। इसे सैन्य रणनीति, गणित और दिमागी समझ से जोड़कर भी देखा जाता था। भारत से यह खेल धीरे-धीरे दूसरे देशों तक पहुंचा।
फारस पहुंचा चतुरंग, बना शतरंज
भारत से शतरंज ईरान पहुंचा जोह उस समय फरस के नाम से जाना जाता था | वहां इसे ‘चतरंग’ कहा जाने लगा, जो बाद में ‘शतरंज’ के नाम से फेमस हुआ। फारसी समाज में यह खेल राजपरिवार और उच्च वर्ग की शिक्षा का हिस्सा बन गया। यहां इसके नियमों और मोहरों के नामों में भी बदलाव हुए।
फारसी भाषा में राजा को ‘शाह’ कहा जाता था। जब किसी खिलाड़ी का राजा खतरे में होता था, तो ‘शाह’ और जब राजा के बचने का कोई रास्ता नहीं रहता था, तो ‘शाह मात’ कहा जाता था। यही शब्द जिसे आज अंग्रेजी मे ‘चेक’ ओर ‘चेकमेट’ कहते है|
फारस से यह खेल अरब दुनिया में पहुंचा। अरब शासकों और आम लोगों के बीच भी इसकी लोकप्रियता बढ़ने लगी। इस दौरान शतरंज की चालों, रणनीतियों और खेलने के तरीकों पर अध्ययन किया जाने लगा।
एशिया और यूरोप में फैला शतरंज
अरब देशों से शतरंज यूरोप पहुंचा। स्पेन और इटली इसके प्रसार के प्रमुख रास्ते बने। 10वीं शताब्दी तक यह खेल यूरोप के कई हिस्सों में पहुंच चुका था और लगभग 1000 ईस्वी तक इसकी लोकप्रियता पूरे यूरोप में फैल गई थी।
यूरोप में शतरंज के मोहरों का स्वरूप भी बदलने लगा। पहले इस्लामी क्षेत्रों में धार्मिक मान्यताओं के कारण मोहरों को साधारण और अमूर्त आकार में बनाया जाता था। लेकिन यूरोप में राजा, रानी, घोड़े, हाथी और सैनिकों जैसी आकृतियां दोबारा दिखाई देने लगीं।
मध्यकाल में शतरंज को राजघरानों और कुलीन वर्ग का प्रतिष्ठित खेल माना जाता था। राजा, रानियां और सैनिक भी इसे खेलते थे। हालांकि, इसके बढ़ते चलन के साथ जुए और पैसों के दांव लगाने की घटनाएं भी सामने आईं। इसी कारण कुछ धार्मिक संस्थाओं और शासकों ने इस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की।
एशिया के दूसरे हिस्सों में भी शतरंज के अलग-अलग रूप विकसित हुए। चीन में यह ‘शियांगची’ और जापान में ‘शोगी’ के रूप में लोकप्रिय हुआ। थाईलैंड में इसका एक रूप ‘मकरुक’ कहलाया। इन खेलों के बोर्ड, मोहरों और नियमों में पश्चिमी शतरंज से कई अंतर हैं।
आधुनिक शतरंज के नियम कैसे बने?
आधुनिक दौर मनाई जिस तरह हम शतरंज खेलते है शुरुआती समय मे यह ऐसा नही था | कई मुकाबले कई दिनों तक चलते थे। उस समय प्यादा केवल एक घर आगे बढ़ सकता था और रानी की चाल भी सीमित थी। हाथी यानी बिशप की चाल भी आज जैसी नहीं थी।
15वीं शताब्दी के अंत में स्पेन के वैलेंसिया क्षेत्र में शतरंज के नियमों में बड़ा बदलाव आया। लगभग 1475 से 1500 के बीच रानी और बिशप को उनकी आधुनिक चालें मिलीं। रानी सबसे शक्तिशाली मोहरा बन गई और खेल पहले से अधिक तेज और रोमांचक हो गया। प्यादे को दूसरी तरफ पहुंचने पर रानी बनाने की रणनीति का महत्व भी बढ़ा।
1497 में स्पेन के लेखक लुइस रामिरेज डी लुसेना की शतरंज पर लिखी पुस्तक प्रकाशित हुई। इसे शतरंज की सबसे पुरानी उपलब्ध मुद्रित पुस्तकों में गिना जाता है। इसके बाद खेल की चालों, रणनीतियों और शुरुआती स्थितियों पर कई किताबें लिखी गईं।
टूर्नामेंट और विश्व चैंपियनशिप का दौर
19वीं शताब्दी में शतरंज एक संगठित प्रतियोगिता से जुड़ा खेल बनने लगा। वर्ष 1575 में स्पेन के एल एस्कोरियल में पहला दर्ज शतरंज टूर्नामेंट आयोजित हुआ था। हालांकि, आधुनिक शतरंज का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट 1851 में लंदन में हुआ।
खिलाड़ियों को चाल सोचने में काफी समय लगता था। इसलिए 1861 में इंग्लैंड के ब्रिस्टल में टूर्नामेंट के दौरान समय मापने के लिए रेत वाली घड़ियों का इस्तेमाल शुरू हुआ। बाद में इनकी जगह आधुनिक शतरंज घड़ियों ने ले ली।
वर्ष 1886 में विल्हेम स्टीनिट्ज और जोहान्स जुकेर्टोर्ट के बीच मुकाबले को पहली आधिकारिक विश्व शतरंज चैंपियनशिप माना जाता है। स्टीनिट्ज पहले आधिकारिक विश्व चैंपियन बने। इसके बाद इमानुएल लास्कर, जोस राउल कैपाब्लांका और अलेक्जेंडर अलेखिन जैसे खिलाड़ियों ने इस खेल को नई पहचान दी।
1924 में पेरिस में अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ यानी फिडे (FIDE) की स्थापना हुई। वर्ष 1927 में पहली महिला विश्व शतरंज चैंपियनशिप भी आयोजित की गई, जिसकी विजेता वेरा मेनचिक बनीं।
द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सोवियत संघ का शतरंज की दुनिया में दबदबा बढ़ा। मिखाइल बॉटविनिक, मिखाइल ताल और बोरिस स्पास्की जैसे खिलाड़ियों ने इस दौर को खास बनाया। 1972 में अमेरिकी खिलाड़ी बॉबी फिशर ने विश्व चैंपियनशिप जीतकर सोवियत वर्चस्व को चुनौती दी। इसके बाद गैरी कास्पारोव और अनातोली कार्पोव की प्रतिद्वंद्विता ने भी दुनिया का ध्यान खींचा।
कंप्यूटर और इंटरनेट ने बदली शतरंज की दुनिया
20वीं शताब्दी के अंतिम वर्षों में कंप्यूटर ने शतरंज की दुनिया को बदलना शुरू किया। 1997 में आईबीएम के सुपरकंप्यूटर ‘डीप ब्लू’ ने तत्कालीन विश्व चैंपियन गैरी कास्पारोव को हराकर इतिहास रच दिया। इसके बाद कंप्यूटर आधारित विश्लेषण खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया।
भारत के लिए भी यह दौर खास रहा। विश्वनाथन आनंद ने 2007 में विश्व चैंपियनशिप जीतकर देश को अंतरराष्ट्रीय शतरंज में नई पहचान दिलाई। उन्होंने 2008 में अपना सम्मान भी बरकरार रखा।
2013 में नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन ने आनंद को हराकर विश्व चैंपियन का खिताब हासिल किया। बाद में ऑनलाइन शतरंज प्लेटफॉर्म और डिजिटल तकनीक ने इस खेल को आम लोगों तक पहुंचाया। 2020 में वेब सीरीज ‘द क्वीन्स गैम्बिट’ की लोकप्रियता के बाद ऑनलाइन शतरंज खेलने वालों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई।
आज शतरंज केवल बोर्ड और मोहरों तक सीमित नहीं है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित इंजन खिलाड़ियों को अपनी गलतियां समझने और नई रणनीतियां सीखने में मदद कर रहे हैं। भारत के चतुरंग से शुरू हुआ यह खेल अब दुनिया भर में करोड़ों लोगों की पसंद बन चुका है। करीब डेढ़ हजार साल का इसका सफर बताता है कि समय और तकनीक बदलने के बावजूद बुद्धि और रणनीति का यह खेल आज भी उतना ही आकर्षक है।
Subscribe Deshwale on YouTube


