प्राइम वीडियो की चर्चित सीरीज ‘दुपहिया’ अपने दूसरे सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों को धड़कपुर की दुनिया में ले जाने के लिए तैयार है। छोटे शहर की इस कहानी में इस बार भूगोल के सपनों, लोकप्रियता और स्टार बनने की चाहत के साथ बॉलीवुड का रंग भी नजर आएगा। शो में भूगोल का किरदार निभाने वाले स्पर्श श्रीवास्तव ने बताया कि इस किरदार को तैयार करते समय उन्होंने हिंदी सिनेमा के कई आइकॉनिक सितारों और फिल्मों से प्रेरणा ली।
स्पर्श के मुताबिक, भूगोल भले ही एक छोटे शहर का लड़का है, लेकिन उसके सपनों और सोच पर उन फिल्मों और सितारों का गहरा असर है जिन्हें उसने बचपन से देखा है। यही वजह है कि उनके किरदार में गोविंदा का कॉमिक चार्म, अमिताभ बच्चन की ‘दीवार’ का असर और सलमान खान की ‘मैंने प्यार किया’ वाली स्टाइल की झलक दिखाई देती है। यहां तक कि शो के कुछ खास सीन्स में इन रेफरेंसेज को जानबूझकर शामिल किया गया है।
सीजन 2 के ट्रेलर में नजर आए मंदिर वाले सीन के पीछे की प्रेरणा के बारे में बात करते हुए स्पर्श ने गोविंदा की फिल्म ‘राजा बाबू’ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस सीन में उन्होंने गोविंदा के एक भावनात्मक पल से प्रेरणा लेने की कोशिश की। स्पर्श ने कहा कि भूगोल के किरदार में थोड़ा गोविंदा है, बहुत सारा ‘दीवार’ है और वह सलमान खान की ‘मैंने प्यार किया’ वाली जैकेट भी पहनता है। उनके मुताबिक, इन सभी सितारों और फिल्मों की झलक भूगोल के व्यक्तित्व का हिस्सा बन गई है।
भूगोल के किरदार में बॉलीवुड का असर सिर्फ उसके लुक और डायलॉग्स तक सीमित नहीं है। शो में होने वाला लौंडा नाच भी इस किरदार की इसी फिल्मी दुनिया को दर्शाता है। स्पर्श ने बताया कि इस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान उन्हें अपने पुराने दिनों की एक खास याद भी आ गई।
उन्होंने बताया कि जब वह साल 2010 में एक डांस रियलिटी शो का हिस्सा बने थे, तब सरोज खान जज थीं। उस दौरान हर अच्छे डांस के बाद सरोज खान उन्हें ₹100 का नोट दिया करती थीं। ‘दुपहिया’ के लौंडा नाच सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान कोरियोग्राफर कृति ने उन्हें ₹500 का नोट दिया। स्पर्श के लिए यह पल काफी भावुक कर देने वाला था, क्योंकि इसने उन्हें उनके शुरुआती डांसिंग दिनों की याद दिला दी।
‘दुपहिया सीजन 2’ का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। इसे बॉम्बे फिल्म कार्टेल LLP के बैनर तले सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है। शो की कहानी अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने लिखी है।
सीजन 2 की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां पहला सीजन खत्म हुआ था। गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा अपने किरदारों में वापसी कर रहे हैं। वहीं, भोजपुरी स्टार और अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी इस सीजन का हिस्सा होंगे।
‘दुपहिया सीजन 2’ का प्रीमियर 1 अक्टूबर को एक्सक्लूसिव तौर पर प्राइम वीडियो पर होगा।
Subscribe Deshwale on YouTube

