दक्षिण गोवा के कैनाकोना स्थित श्री संस्थान गोकर्ण जीवत्तम मठ में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान राम की 77 फीट ऊँची भव्य कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा वर्तमान में भगवान राम की सबसे ऊँची बताई जा रही मूर्तियों में से एक है और इसे प्रसिद्ध शिल्पकार राम सुतार ने तैयार किया है।
प्रधानमंत्री दोपहर 3.45 बजे विशेष हेलिपैड के माध्यम से मठ परिसर पहुँचे। आगमन के बाद उन्होंने मंदिर में विधिवत दर्शन किए और इसके बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस समारोह में गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, यह मठ परिसर में हाल के वर्षों का सबसे बड़ा आयोजन रहा।
550 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सार्ध पंचशतामनोत्सव’ के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मठ द्वैत परंपरा का प्रमुख केंद्र माना जाता है, और आज का आयोजन उसकी ऐतिहासिक विरासत को और मजबूत करने वाला साबित हुआ है।
प्रतिमा के अनावरण के साथ प्रधानमंत्री ने मठ द्वारा विकसित ‘रामायण थीम पार्क गार्डन’ का उद्घाटन भी किया। इस परिसर को रामायण की प्रमुख घटनाओं और चरित्रों को दर्शाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक सांस्कृतिक–आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।
उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री ने एक विशेष डाक टिकट और एक स्मारक सिक्का भी जारी किया। अपने संबोधन में उन्होंने इस प्रतिमा को “भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आस्था के भाव” का प्रतीक बताया और कहा कि यह स्थान भविष्य में देश–विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
आज के कार्यक्रम के बाद मठ परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। कई वर्षों से चल रही इस परियोजना के पूर्ण होने को लोग एक ऐतिहासिक क्षण मान रहे हैं।
Subscribe Deshwale on YouTube


