पेशेवर नेटवर्क लिंक्डइन ने भारत की टॉप 25 कंपनियों की सूची जारी की है, जिनमें करियर के लिहाज़ से सर्वश्रेष्ठ अवसर मौजूद हैं। यह सूची कॅरियर विकास, कौशल निर्माण, कंपनी में स्थायित्व, बाहरी अवसरों और कर्मचारियों के जुड़ाव जैसे आठ मानकों पर आधारित है। इस बार की सूची में सबसे ज़्यादा कंपनियां आईटी, सॉफ्टवेयर और वित्तीय सेवाओं से हैं, जो आज की तेज़ी से बदलती जरूरतों के मुताबिक स्किल-आधारित प्रतिभाओं की तलाश में हैं।
लगातार दूसरे साल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। एक्सेंचर दूसरे और इंफोसिस तीसरे स्थान पर है। फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स (#4) इस साल की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली नई एंट्री है, जबकि सर्विसनाउ और स्ट्राइप जैसे नाम पहली बार शामिल हुए हैं। कुल 12 नई कंपनियों की एंट्री ने यह साफ किया है कि भारत का कॉर्पोरेट परिदृश्य लगातार विकसित हो रहा है।
आईटी कंपनियां खासतौर पर डेटा स्टोरेज, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में स्किल्ड प्रोफेशनल्स की मांग कर रही हैं। बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई जैसे शहरों में सबसे ज़्यादा अवसर मौजूद हैं। वहीं, वित्तीय क्षेत्र में जेपी मॉर्गन, वेल्स फार्गो और अमेरिकन एक्सप्रेस जैसी कंपनियां बिजनेस ऑपरेशंस, फाइनेंस एनालिसिस और फ्रॉड डिटेक्शन जैसी भूमिकाओं में भर्ती कर रही हैं।
अमेज़न, अल्फाबेट, और सेल्सफोर्स जैसी ग्लोबल टेक कंपनियां भारत में एआई, डेटा एनालिटिक्स और ऐप डेवलपमेंट से जुड़े पदों पर प्रतिभाओं की तलाश में हैं।
लिंक्डइन की इंडिया सीनियर एडिटर निराजिता बैनर्जी ने कहा कि आज की कंपनियां भविष्य की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए नियुक्तियां कर रही हैं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे अपने प्रोफाइल को अप-टू-डेट रखें, “I’m Interested” फीचर का इस्तेमाल करें, कंपनियों और उनके लीडर्स को फॉलो करें, और ट्रेंडिंग स्किल्स पर ध्यान दें।
लिंक्डइन की इस रिपोर्ट में भारत की 25 शीर्ष कंपनियों की सूची इस प्रकार है:
- टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज
- एक्सेंचर
- इंफोसिस
- फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स
- कॉग्निजेंट
- ओरेकल
- जेपी मॉर्गन चेज़
- अमेज़न
- अल्फाबेट
- डिपॉजिटरी ट्रस्ट एंड क्लियरिंग कॉर्पोरेशन (डीटीसीसी)
- कैपजेमिनी
- सेल्सफोर्स
- सिनॉप्सिस इंक.
- कॉन्टिनेंटल
- वेल्स फार्गो
- एचसीएलटेक
- सर्विसनाउ
- मॉर्गन स्टैनली
- मास्टरकार्ड
- आरटीएक्स
- स्ट्राइप
- एटलैसियन
- एमएससीआई इंक.
- एली लिली एंड कंपनी
- अमेरिकन एक्सप्रेस
यह सूची उन पेशेवरों के लिए दिशा देती है जो तकनीकी दक्षता और लचीलेपन के साथ अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहते हैं।


