मायानगरी मुंबई की चमकदार रोशनी के पीछे कई ऐसी कहानियां छिपी होती हैं, जहां रिश्तों की सच्चाई समय की कसौटी पर परखी जाती है। प्यार जब भरोसे की मजबूत नींव पर खड़ा होता है तो वह जीवन की सबसे बड़ी ताकत बन जाता है। लेकिन जब उसी भरोसे में दरार आ जाए, तो मामला दिल से निकलकर अदालत तक पहुंच जाता है। ऐसी ही भावनात्मक और कानूनी संघर्ष की कहानी लेकर आ रही है नई हिंदी फीचर फिल्म ‘लव लॉटरी’, जो सस्पेंस और कोर्टरूम ड्रामा का प्रभावशाली संगम पेश करती है।
Cinemaganj Films ने हाल ही में मुंबई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में फिल्म का शीर्षक और लोगो लॉन्च किया। इस खास मौके पर फिल्म की पूरी कास्ट और क्रिएटिव टीम मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान फिल्म के विषय, उसके सामाजिक संदर्भ और कहानी के मूल संदेश पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्माताओं ने स्पष्ट किया कि यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि रिश्तों, विश्वास और न्याय व्यवस्था से जुड़े कई संवेदनशील पहलुओं को भी सामने लाती है।
फिल्म में अक्षय ओबेरॉय मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि फीमेल लीड के रूप में हेली दरूवाला नजर आएंगी। इनके अलावा कबीर दुहान सिंह, मनु ऋषि चड्ढा, हेमंत पांडेय, इंदिरा कृष्णा, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा, अग्नि अघ्यारी, कुमार सौरभ, अश्वंत लोधी और अर्शदीप संधू अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। मजबूत एंसेंबल कास्ट इस कहानी को और भी प्रभावशाली बनाती है।
निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ के अनुसार, फिल्म यह दर्शाती है कि जिंदगी और न्याय दोनों ही अप्रत्याशित मोड़ ले सकते हैं। उनका कहना है कि टीम ऐसी फिल्म बनाना चाहती थी जो दर्शकों को रोमांचित करने के साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ सके। अक्षय ओबेरॉय ने अपने किरदार को अब तक का सबसे जटिल और मनोवैज्ञानिक रूप से चुनौतीपूर्ण रोल बताया है, जिसमें भावनाओं और परिस्थितियों के कई स्तर देखने को मिलेंगे।
सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन अरविन्द पांडे ने किया है, जबकि कहानी और पटकथा अंकुर खत्री ने लिखी है। सिनेमैटोग्राफी नवीन वी मिश्रा और संगीत वरुण मिश्रा ने संभाला है। ‘लव लॉटरी’ केवल एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं, बल्कि रिश्तों की नाजुक सच्चाइयों को उजागर करने वाली एक संवेदनशील प्रस्तुति है, जहां हर फैसले से पहले दिल और दिमाग दोनों की कसौटी पर सवाल खड़े होते हैं।
Subscribe Deshwale on YouTube


