मराठी फिल्म ‘महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स’ अपनी घोषणा के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। महाराष्ट्र के कथित विवादित राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों को पर्दे पर प्रस्तुत करने का दावा करने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्सुकता बढ़ रही है। अब फिल्म का नया गाना ‘कॅप्टन तुम्ही, मी नौका, तुमच्या प्रेमाचा टेबल टाका…’ रिलीज किया गया है। इसके साथ ही कथित नकली बाबा के किरदार में नजर आने वाले अभिनेता मनोज जोशी का पहला लुक और टीजर भी सामने आया है, जिसने फिल्म को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
आनंदी पिक्चर्स अमरावती और सचिन रोडे पाटिल द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण मातोश्री एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के बैनर तले किया गया है। देवेंद्र भट, सूर्यकांत भुंडे और प्रशांत कदमपुरे फिल्म के निर्माता हैं। निर्देशक स्वरूप सावंत ने समाज में पनप रहे कथित फर्जी बाबाओं के प्रभाव और उनके कामकाज पर सवाल उठाने की कोशिश की है। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद संजय नवगिरे ने लिखे हैं, जबकि इसकी अवधारणा सागरकुमार एस. जैन की है।
फिल्म के नए गाने का लॉन्च पुणे के लेमन ट्री होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया। संजय नवगिरे के लिखे इस गाने को रोहित नागभिड़े ने संगीतबद्ध किया है और मुग्धा करहाड़े ने अपनी आवाज दी है। गाने के बोलों में कप्तान और नौका के रूपकों के जरिए नेतृत्व, सत्ता, अवसरवाद और रिश्तों पर व्यंग्यात्मक अंदाज में टिप्पणी की गई है। इसकी धुन और शब्दों में मनोरंजन के साथ सामाजिक और राजनीतिक संकेत भी देखने को मिलते हैं। गाने में तानिया चटर्जी ने शानदार डांस परफॉर्मेंस दी है, जिसे साहिल सह ने कोरियोग्राफ किया है।
गाने के साथ फिल्म के सबसे चर्चित किरदार का लुक भी सामने आया। पिछले कुछ दिनों से पोस्टर में पीछे से दिखाई देने वाले रहस्यमयी बाबा का चेहरा आखिरकार दर्शकों के सामने आ गया है। इस किरदार को दिग्गज अभिनेता मनोज जोशी निभा रहे हैं। कार्यक्रम में वह इसी खास गेटअप में पहुंचे और अपने लुक से सबका ध्यान खींचा। इससे पहले जारी पोस्टर में संदेश दिया गया था कि पर्दे के पीछे छिपा विवादित चेहरा जल्द सामने आने वाला है। अब मनोज जोशी के लुक के खुलासे ने इस रहस्य को और दिलचस्प बना दिया है।
फिल्म में दीपाली सैयद भी अहम भूमिका निभा रही हैं। उनके किरदार का लुक पहले ही सामने आ चुका था। इसके अलावा सुबोध भावे, उदय टिकेकर, अक्षय टांकसाले, माधुरी पवार, सुरेश विश्वकर्मा, भारत गणेशपुरे, अनिल नागरकर, मोनिका, शिवराज वालवेकर, सिद्धेश्वर झाडबुके, श्रेया कुलकर्णी और राहुल बेलापुरकर सहित कई कलाकार नजर आएंगे।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी आकाश काकडे ने संभाली है, जबकि अक्षय अंबेकर ने आर्ट डायरेक्शन किया है। वेशभूषा की जिम्मेदारी अपेक्षा गांधी सोनी ने निभाई है। नेहा घोडके प्रोडक्शन कंट्रोलर, सचिन घनवत प्रोडक्शन हेड, यश सनस लाइन प्रोड्यूसर और विजय म्हस्के प्रोडक्शन मैनेजर हैं।
Subscribe Deshwale on YouTube


