ब्राज़ील की अमेज़न जनजातियां: सदियों की रक्षक, आज की जलवायु सेनानी
In brief · AI summary ब्राज़ील के अमेज़न इलाके में रहने वाली ३०५ आदिवासी जनजातियां, जिनकी संख्या १७ लाख से ज़्यादा है, जंगल की रक्षा करती आई हैं। १५०० में पुर्तगालियों के आने के बाद यूरोपीय बीमारियों से सौ साल के भीतर ८०% लोग मर गए, और १९६४ से १९८५ के सैन्य शासन में उन्हें विकास के रास्ते का रोड़ा माना गया। १९८८ के संविधान ने उन्हें अपने इलाके और संस्कृति का अधिकार दिया, लेकिन आज भी लगभग ४०% इलाके बिना वैधानिक मान्यता के हैं, और COP30 में वे निर्णय में भागीदारी की मांग कर रहे हैं।
जब भी हम अमेज़न वर्षावन की बात करते हैं, आमतौर पर उसे ‘धरती के लंग्स’ कहा जाता है… वजह साफ़ है, ये जंगल कार्बन डाइऑक्साइड को सोखकर हमारे माहौल को संतुलित रखने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि इन पेड़ों, नदियों और जानवरों के बीच जो सबसे अहम जीवन है, वो इंसानों का है? जी हां, ब्राज़ील के अमेज़न इलाके में रहने वाली ३०५ आदिवासी जनजातियां, जिनकी संख्या १७ लाख से ज़्यादा है, वो ही इस जंगल की असली आत्मा हैं।
ये लोग सिर्फ़ जंगल में रह नहीं रहे, ये जंगल को समझते हैं, और उसकी रक्षा करते हैं। इनकी कहानी कोई आज की नहीं, बल्कि हज़ारों साल पुरानी है। और आज, जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की मार झेल रही है, तब ये लोग दुनिया को दिखा रहे हैं कि असल में प्रकृति के साथ कैसे जिया जाता है।
अमेज़न में इंसानी मौजूदगी कोई नई बात नहीं
क्या आप जानते हैं, अमेज़न में इंसानों का बसेरा कम से कम ११ हज़ार साल पुराना है? पारा राज्य में ‘पेंड्रा पिंटाडा’ नाम की गुफा में जो खुदाई हुई, उससे पता चला कि यहां के पहले लोग शिकार और खेती के बड़े उस्ताद थे। उन्होंने ‘टेरा प्रीटा’ नाम की ऐसी ज़मीन बनाई जो आज भी उर्वरक है… सोचिए, ऐसा जैविक जादू जो हज़ारों साल तक काम करे!
फिर धीरे-धीरे उन्होंने कसावा, मक्का और मूंगफली जैसी चीज़ें उगानी शुरू कीं। अचूक बात ये कि इन्होंने आमज़ोनिया के पेड़ों को भी इंसानी ज़रूरतों के मुताबिक ढाला… जैसे असाई, ब्राज़ील नट्स, और कपुआस्सू (थियोब्रोमा ग्रैंडिफ्लोरम)।
१००० ईस्वी के बाद अमेज़न में बड़े-बड़े समाज उभरे… जैसे माराजो द्वीप के माराजोआरा लोग, जिन्होंने मिट्टी से बने टीले बनाए, बेहतरीन बर्तन बनाए, और अपनी पूरी बस्ती को योजनाबद्ध तरीके से बसाया। ये कोई बिखरे हुए कबीले नहीं थे… इन्होंने रोड नेटवर्क, नहरें और सहयोग की वो व्यवस्था बनाई जो यूरोप के मध्यकालीन शहरों को भी मात दे दे।
उपनिवेश का कहर: लूट, बीमारी और उजड़ती ज़िंदगियां
१५०० में जब पुर्तगाली ब्राज़ील पहुंचे, तो यहां ५० लाख से ज़्यादा आदिवासी थे। लेकिन फिर क्या हुआ? सिर्फ़ १०० साल में ८०% लोग मर गए। वजह थी… यूरोपीय बीमारियां जिनसे इन लोगों की कोई इम्यूनिटी नहीं थी… चेचक, खसरा, और फ्लू। इसके बाद मिशनरियों ने ‘अल्देयास’ यानी आदिवासियों के गांव बसाए… लेकिन असल में ये जबरन धर्म परिवर्तन और मज़दूरी के अड्डे बन गए।
१९वीं सदी में आया रबर का बुखार। कार और मशीनों के लिए रबर चाहिए था, और अमेज़न उसका खज़ाना बन गया। इस दौर में कई जनजातियों को गुलाम बनाया गया, मारा गया या जंगलों में भगा दिया गया। पुटुमायो क्षेत्र में हजारों आदिवासी मारे गए… कुछ को तो तंबाकू का धुंआ देकर जला दिया गया। फिर भी आदिवासियों ने हार नहीं मानी। कुछ ने छापामार लड़ाई की, कुछ भागे, और कुछ ने अपना इलाका बचाने के लिए जान तक दे दी।
संविधान, और अधिकार की लड़ाई
१९६४ से १९८५ तक जो सैन्य शासन चला, उसमें आदिवासियों को विकास के रास्ते का रोड़ा माना गया। सड़कों, बांधों, रेलवे लाइनों के लिए जंगल काटा गया, और आदिवासियों की ज़मीन छीनी गई। लेकिन इसी दौर में कुछ नायक भी उभरे… मार्शल कैंडिडो रॉन्डोन, जो खुद आदिवासी मूल के थे, उन्होंने बिना हिंसा के संपर्क और अधिकार की बात की। विलास-बोआस भाइयों ने १९६१ में ज़िंगू आदिवासी पार्क बनवाया… ये ब्राज़ील का पहला आदिवासी आरक्षित क्षेत्र था।
१९८८ में आए नए संविधान ने आदिवासियों को उनके इलाके, संस्कृति और जीवनशैली का अधिकार दिया। लेकिन कागज़ और ज़मीन की हकीकत में अब भी बहुत फर्क है। आज भी लगभग ४०% इलाके बिना वैधानिक मान्यता के हैं।
जलवायु सम्मेलन में आदिवासी आवाज़
COP26 (२०२१) में एक युवा नेता मायालू कोकोमेती वौरा ने मंच से कहा: “हमें मेज़ पर सिर्फ़ मेहमान नहीं बनना, हमें मेन्यू तय करना है।” यानी सिर्फ़ बातचीत नहीं… निर्णय में भागीदारी चाहिए।
COP27 (२०२२) में एक और आवाज़ गूंजी… वांडा विटोटो, जो एक नर्स और कार्यकर्ता हैं, उन्होंने बताया कि दुनिया के सबसे गीले जंगल में उनके गांव में पानी नहीं है! वजह? प्रदूषण, बांध और कटते जंगल।
२०२३ में बेलें में हुए अमेज़न समिट में सोनिया गुआजारा, ब्राज़ील की पहली आदिवासी मंत्री… इन्होंने पूरे अमेज़न रीजन के लिए साझा रणनीति की मांग की। हालांकि घोषणाएं तो हुईं, लेकिन कोई कड़ा वादा नहीं लिया गया।

२०२४ के COP29 (बाकू) सम्मेलन में १७० से ज़्यादा आदिवासी प्रतिनिधियों ने खुलेआम आलोचना की कि जो ३०० अरब डॉलर की क्लाइमेट फंडिंग घोषित हुई, उसमें से उन्हें १% भी नहीं मिल रहा।
आज की लड़ाई: जंगल बचाने की जिद
- २०२४ में अमेज़न में ३.४ लाख से ज़्यादा जगहों पर आग लगी।
- आदिवासी इलाकों में अवैध कटाई १२९% बढ़ चुकी है।
- कई जगहों पर सोना खनन और लकड़ी कटाई सरकारी मिलीभगत से हो रही है।
यानोमामी जनजाति की हालत तो इतनी बिगड़ी कि २०२३ में इसे ‘ह्यूमैनिटेरियन इमरजेंसी’ घोषित करना पड़ा… लोगों की मौत हो रही है, कभी पारा की वजह से, कभी भूख से, कभी बीमारी से।
क्या बदलाव हो रहा है?
अब आदिवासी युवा टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहे हैं… जैसे IPAM का ‘इंडीजीनस क्लाइमेट अलर्ट’ ऐप, जो अवैध गतिविधियों को ट्रैक करता है। अमेज़न इंडीजीनस ट्रेनिंग सेंटर में १०० से ज़्यादा युवा अब जीआईएस, कानून और प्रशासन की ट्रेनिंग ले चुके हैं। टक्साई सुरुई जैसी युवा नेता आज यूएन में भाषण देती हैं, इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स हैं, और अपने पूर्वजों की परंपरा को आधुनिक दुनिया से जोड़ रही हैं।

Image Courtesy: Wikipedia
COP30: अबकी बार ब्राज़ील की बारी
२०२५ में COP30 का आयोजन बेलेम शहर में होगा, यानी अमेज़न के दिल में। ये सम्मेलन आदिवासियों के लिए बड़ा मौका है कि वे जलवायु वार्ताओं की अगुवाई करें। लेकिन इसी बेलेम में एक नई सड़क… अवेनिदा लिबरदादे (Avenida Liberdade), जंगल के बीच से गुज़र रही है। आदिवासी नेता कह रहे हैं, “अगर हमें साथ नहीं लिया गया, तो ये विकास नहीं, धोखा होगा।”
जिन्होंने टेरा प्रीटा बनाई, जो जंगल की हर आवाज़ को पढ़ लेते हैं, वो ही असली जलवायु योद्धा हैं। उनका जीवन दर्शन, संतुलन, आपसी सहयोग, और प्रकृति से जुड़ाव… सिर्फ़ उनकी संस्कृति का हिस्सा नहीं, हमारी धरती के भविष्य का रास्ता है।
अब सवाल ये है कि COP30 में दुनिया सिर्फ़ सुनेगी या कुछ करेगी भी? क्योंकि अगर अमेज़न ढह गया, तो पूरा ग्रह साँस लेना भूल जाएगा।
Also Read: पत्ती से प्याले तक: भारत में चाय का हज़ारों साल पुराना सफर