नेचुरल स्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है। दमदार टीज़र और ‘आया शेर’ व ‘येशनागुला’ जैसे गानों के बाद अब मेकर्स ने फिल्म का तीसरा सिंगल ‘अंजाना अंजानी’ रिलीज कर दिया है। यह एक रोमांटिक ऑडियो ट्रैक है, जिसमें नानी और कायडू लोहार की खूबसूरत ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री की झलक देखने को मिल रही है।
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी ‘द पैराडाइज’ इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। फिल्म की कहानी, विजुअल स्केल और म्यूजिक को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच चर्चा बनी हुई है। अब ‘अंजाना अंजानी’ के रिलीज होने के बाद फिल्म के रोमांटिक एंगल को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है। गाने में नानी और कायडू लोहार को एक-दूसरे के साथ रोमांटिक अंदाज में दिखाया गया है, जो दोनों के किरदारों के बीच के रिश्ते की ओर इशारा करता है।
‘अंजाना अंजानी’ को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल रितेश जी राव ने लिखे हैं। इस गाने को रितेश जी राव और सुब्लाशिनी ने अपनी आवाज दी है। रोमांटिक मूड और मेलोडियस ट्रीटमेंट के साथ यह गाना फिल्म के अब तक सामने आए गानों से अलग अंदाज पेश करता है।
मेकर्स की ओर से सोशल मीडिया पर गाने के ऑडियो रिलीज की घोषणा करते हुए बताया गया कि ‘अंजाना अंजानी’ का तेलुगु, हिंदी और तमिल वर्जन रिलीज किया गया है। फिल्म की ग्लोबल रिलीज 24 सितंबर 2026 को निर्धारित है।
‘द पैराडाइज’ के पहले दो गाने भी दर्शकों के बीच अच्छी पकड़ बना चुके हैं। फिल्म का पहला गाना ‘आया शेर’ यूट्यूब पर 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुका है और इसे सोशल मीडिया पर भी खूब लोकप्रियता मिली है। वहीं, दूसरा गाना ‘येशनागुला’ भी यूट्यूब पर 119 मिलियन से ज्यादा व्यूज का आंकड़ा पार कर चुका है। इन गानों की डिजिटल लोकप्रियता ने फिल्म की रिलीज को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
SLV सिनेमाज के प्रोडक्शन में बनी ‘द पैराडाइज’ 24 सितंबर 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत आठ भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में नानी और कायडू लोहार के अलावा राघव जुयाल, मोहन बाबू, सोनाली कुलकर्णी और अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म के ग्लोबल स्केल को देखते हुए ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि मेकर्स ने हॉलीवुड स्टार रयान रेनॉल्ड्स से इंटरनेशनल मार्केट में फिल्म को प्रेजेंट करने के लिए संपर्क किया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। दमदार स्टारकास्ट, श्रीकांत ओडेला का निर्देशन और अनिरुद्ध रविचंदर का संगीत ‘द पैराडाइज’ को रिलीज से पहले ही चर्चा में बनाए हुए है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 24 सितंबर को सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद फिल्म दर्शकों के बीच कैसी प्रतिक्रिया हासिल करती है।
Subscribe Deshwale on YouTube


