दिल्ली में शुक्रवार सुबह का नज़ारा अचानक बदल गया। तेज़ बारिश, तेज़ हवाएं और घने बादलों ने एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी तरफ़ शहर की रफ़्तार थम सी गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले रेड अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में ऑरेंज अलर्ट में बदला गया। लेकिन मौसम का मिज़ाज फिर भी काफी गंभीर रहा।
तेज़ हवाएं, जलभराव और उड़ानों में देरी
प्रगति मैदान में हवा की रफ्तार 78 किमी प्रति घंटा पहुंची, पालम में 74 किमी/घंटा और लोधी रोड, पीतमपुरा, नजफगढ़ जैसे इलाकों में भी 60 किमी/घंटा से ऊपर की हवाएं चलीं।
बारिश का आंकड़ा अलग-अलग इलाकों में अलग रहा, सफदरजंग में 60 मिमी, पीतमपुरा में 40 मिमी, पालम में 30.6 मिमी, नजफगढ़ में 19.5 मिमी और पूसा में 15 मिमी दर्ज की गई। दिल्ली यूनिवर्सिटी और नरेला में हल्की फुहारें पड़ीं।
द्वारका अंडरपास जैसे कई हिस्सों में जलभराव की खबरें आईं। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशंस प्रभावित हुए, और यात्रियों को एयरलाइनों से अपडेट लेने की सलाह दी गई।
मौसम विभाग की चेतावनी: अभी राहत नहीं
IMD के मुताबिक, दिल्ली और एनसीआर में तेज़ आंधी, बिजली चमकने और 40 से 90 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलती रहेंगी।
अलर्ट में कहा गया है कि इस मौसम से पेड़ गिर सकते हैं, टहनियां टूट सकती हैं, बिजली-पानी की सप्लाई प्रभावित हो सकती है, और कमजोर इमारतों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
लोगों को घर के अंदर रहने, गैरजरूरी सफर से बचने, और पेड़, बिजली के खंभों और पानी भरे इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
IMD ने साफ तौर पर कहा है, “स्थिति बिगड़ने पर लोग सतर्क रहें और ज़रूरत हो तो सुरक्षित जगहों की ओर तुरंत जाएं।”
तापमान में गिरावट, हवा हुई साफ़
गुरुवार रात का न्यूनतम तापमान जहां 26.8 डिग्री सेल्सियस था, वो शुक्रवार सुबह गिरकर करीब 19 डिग्री तक पहुंच गया।
इसके साथ एक अच्छी खबर ये भी आई कि दिल्ली की हवा सुधर गई है। कई हफ्तों बाद एयर क्वालिटी “मॉडरेट” श्रेणी में आई। इसी के चलते ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत लगी आपातकालीन पाबंदियां भी हटा दी गई हैं।
आगे क्या रहेगा मौसम का हाल?
IMD के अनुसार, शनिवार को भी तेज़ हवाएं चलेंगी, और 4 व 5 मई को फिर बारिश और तूफान की संभावना है। 6 और 7 मई तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की उम्मीद जताई गई है। तापमान 26 से 35 डिग्री के बीच रहेगा।स्वतंत्र मौसम विशेषज्ञ नवदीप डहिया ने भी X पर जानकारी दी… “दिल्ली-NCR में तेज़ बारिश और आंधी के साथ तापमान 18–21 डिग्री के बीच है। मई की शुरुआत ठंडी और भीगी हुई रहेगी। इस हफ्ते और अगले हफ्ते भी बारिश जारी रहेगी।”


