मुंबई: मास्टरशेफ इंडिया के आगामी सीजन की शूटिंग के दौरान सेट पर खास चमक देखने को मिली जब अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। सॉफ्ट पिंक आउटफिट और मिनिमल स्टाइलिंग में शिल्पा ने ग्लैमर का तड़का लगाया, जबकि उनकी सहज मुस्कान ने पूरे सेट के उत्सवपूर्ण माहौल को और भी खास बना दिया।
कैमरों के सामने पोज़ देते हुए शिल्पा का उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “बहुत एक्साइटेड!” और नए सीजन की थीम के बारे में बात करते हुए उन्होंने गर्व और आत्मविश्वास से कहा, “इस बार मास्टरशेफ इंडिया में दिखेगा नए इंडिया का रंग और ढंग। आ रही हैं जोड़ियां, और हर प्लेट में होगा इंडिया।” उनके ये शब्द इस सीजन की मूल भावना को बखूबी बयान करते हैं—जहां भारतीयता, साझेदारी और एकता मंच पर एक साथ चमकेंगी।
इस बार शो एक बिल्कुल नए ‘जोड़ियों के फॉर्मेट’ में दर्शकों के सामने आएगा। प्रतियोगी अब अकेले नहीं बल्कि जोड़ी के रूप में मुकाबला करेंगे—जैसे मां–बेटी, भाई–बहन या अन्य खास रिश्ते। यह नया फॉर्मेट इस सोच को आगे बढ़ाता है कि ‘देश अब फ्रंट फुट पर चल रहा है’, जहां रिश्ते, प्रगति और गर्व एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
जजेस रणवीर बरार, कुणाल कपूर और विकास खन्ना इस नए अध्याय में अपनी विशेषज्ञता और मार्गदर्शन के साथ प्रतियोगियों को प्रेरित करेंगे। उनके अनुभव और सलाह इस सीजन में प्रतियोगियों के लिए एक मजबूत सहारा बनेंगे।
दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में कौन बनेगा करोड़पति में अपनी उपस्थिति के दौरान रणवीर बरार ने भी इस नए फॉर्मेट का खुलासा किया। उन्होंने कहा, “मास्टरशेफ इंडिया पहली बार जोड़ी के रूप में आ रहा है। इस बार एक नहीं, बल्कि दो मास्टरशेफ होंगे।”
नए फॉर्मेट, नए रिश्तों और नए भारत की सोच के साथ, यह सीजन केवल कुकिंग का शो नहीं बल्कि भारतीयता के बदलते स्वाद की कहानी पेश करने को तैयार है। हर प्लेट, हर जोड़ी और हर चुनौती में नए इंडिया की रंगत और भावनाएं देखने को मिलेंगी।
इस सीजन का उद्देश्य दर्शकों को न केवल खाना दिखाना है, बल्कि भारतीय संस्कृति, रिश्तों और आधुनिक सोच के संगम को मंच पर लाना भी है। मास्टरशेफ इंडिया का यह नया अध्याय भारतीय टेलीविजन पर एक यादगार और अनोखा अनुभव देने वाला है।
Subscribe Deshwale on YouTube


