‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म का मच अवेटेड ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिली। ट्रेलर में गद्दी की जंग, दमदार डायलॉग्स, एक्शन और ‘मिर्जापुर’ की वही पुरानी दुनिया नए अंदाज में नजर आई। अब फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स और स्टारकास्ट प्रमोशन में जुट गई है। इसी कड़ी में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने शहर पटना पहुंचने वाले हैं।
फिल्म में ‘कालीन भैया’ के किरदार से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले पंकज त्रिपाठी 22 अगस्त 2026 को ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए पटना का दौरा करेंगे। उनके साथ अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और जितेंद्र कुमार भी प्रमोशनल एक्टिविटी का हिस्सा बनेंगे। पंकज त्रिपाठी के पटना पहुंचने की खबर ने खास तौर पर उनके फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। ‘मिर्जापुर’ की दुनिया में कालीन भैया का किरदार सबसे चर्चित और प्रभावशाली किरदारों में से एक रहा है और बड़े पर्दे पर उनकी वापसी को लेकर दर्शक पहले से ही उत्साहित हैं।
पटना से पहले फिल्म की स्टारकास्ट 11 अगस्त को लखनऊ पहुंची थी, जहां अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और जितेंद्र कुमार ने फिल्म का प्रमोशन किया और मीडिया से बातचीत की। ‘मिर्जापुर’ की कहानी और इसके किरदारों का उत्तर प्रदेश से गहरा जुड़ाव रहा है। ऐसे में लखनऊ में प्रमोशन करना फिल्म की टीम के लिए खास मौका रहा। अब पटना में होने वाला प्रमोशनल इवेंट भी फिल्म के सफर में एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।
ट्रेलर के साथ फिल्म के पहले गाने ‘दो नंबरी’ को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। गाने ने फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज कर दी है। ट्रेलर में सत्ता, बदले और वर्चस्व की लड़ाई की झलक देखने के बाद फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ की कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचेगी।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की स्टारकास्ट काफी दमदार है। फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान नजर आएंगी। सीरीज के लोकप्रिय किरदारों के साथ नए चेहरों की मौजूदगी फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा रही है।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को अमेज़न MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म को प्रोड्यूस किया है।
अब नजर 22 अगस्त को पटना में होने वाले प्रमोशनल इवेंट पर है, जहां पंकज त्रिपाठी यानी कालीन भैया की मौजूदगी फैंस के लिए खास आकर्षण होगी। फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु में रिलीज होने जा रही है।
Subscribe Deshwale on YouTube

