मुंबई के लोगों को ट्रैफिक से राहत देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मेट्रो लाइन 9 के पहले चरण का ट्रायल रन मंगलवार को शुरू हो गया। ट्रायल को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार भी मौके पर मौजूद थे।
यह ट्रायल दहिसर ईस्ट से काशीगांव तक 9.2 किलोमीटर के हिस्से में किया जा रहा है। पूरा रूट 11.38 किलोमीटर लंबा होगा। यह मेट्रो रेड लाइन 7 का एक्सटेंशन है, जो पश्चिमी उपनगरों को मुख्य शहर से बेहतर तरीके से जोड़ेगा।
अंधेरी से मीरा-भायंदर तक मेट्रो से सफर
लाइन 9 के शुरू होते ही अंधेरी से मीरा-भायंदर तक मेट्रो से सीधा सफर मुमकिन हो जाएगा। पहले चरण में अंधेरी से काशीमीरा तक जुड़ाव मिलेगा, और दूसरे चरण में यह रूट आगे बढ़कर सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम, भायंदर (वेस्ट) तक पहुंचेगा।
अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा, तो इस साल के आखिर तक मेट्रो लाइन 9 आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी। इससे न सिर्फ मीरा-भायंदर और ठाणे के यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर रोज़ के ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।
मुंबई की रोज़मर्रा की जिंदगी में मेट्रो का रोल लगातार बढ़ रहा है और लाइन 9 इस बदलाव का अगला बड़ा पड़ाव बन सकती है


