होटल सहारा स्टार में आयोजित 22वें ट्रांसमीडिया गुजराती स्क्रीन एंड स्टेज अवॉर्ड्स 2024 इस बार कई वजहों से खास रहा। कार्यक्रम की शान तब और बढ़ गई जब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहली बार इस प्रतिष्ठित समारोह में शामिल हुए। दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े गुजराती मनोरंजन प्लेटफॉर्म ने इस वर्ष “मुंबई समाचार” की प्रस्तुति के साथ और भी भव्य रूप लिया।
इस अवॉर्ड नाइट में फिल्म, टीवी और थिएटर जगत के 55 कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया। परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 11 विशिष्ट हस्तियों को विशेष सम्मान प्रदान किए गए। स्नेहा देसाई को गोविंदभाई पटेल महारथी अवॉर्ड, संजय और पार्थ ओझा को महेश नरेश अवॉर्ड और भूमि त्रिवेदी को हेमू गढ़वी अवॉर्ड दिया गया। अपरा मेहता और उत्कर्ष मजूमदार को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
थिएटर कैटेगरी में “संबंधो स्पर्श विणा ना” को मुंबई का सर्वश्रेष्ठ नाटक चुना गया, जबकि “पावरफुल पटिदार” को सर्वश्रेष्ठ गुजराती नाटक का अवॉर्ड मिला। इसके साथ ही सी.वी. शाह, रमेशभाई वोरा और संजय ठक्कर को समाज सेवा सम्मान प्रदान किए गए।
स्टार पावर की बात करें तो विक्रम ठाकोर की खास मौजूदगी और उनका लाइव परफॉर्मेंस शो की सबसे बड़ी आकर्षण रहा। भूमि त्रिवेदी, हितु और मोना कनोडिया, रीवा रच्च और दीपिका पाटिल ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को ऊर्जा से भर दिया। अर्चना हारिया का फैशन शो और प्रवीण नागर की कोरियोग्राफी ने समारोह में ग्लैमर और खूबसूरती का नया रंग भर दिया।
मुंबई समाचार के यूट्यूब चैनल पर इस समारोह का लाइव प्रसारण हुआ, जिसे लाखों दर्शकों ने देखा। इवेंट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी हाई टेक इवेंट्स और मुँजल थीम्स एंड ओकेशंस ने संभाली।
पुरस्कारों में सबसे बड़ी जीत फिल्म “कसुम्बो” की रही, जिसने नौ अवॉर्ड हासिल कर धमाकेदार प्रदर्शन किया। फिल्म “नासूर” के लिए हितु कनोडिया को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और नीलम पंचाल को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया।
समारोह ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि गुजराती मनोरंजन उद्योग हर साल न सिर्फ मजबूत हो रहा है, बल्कि नई ऊंचाइयों को भी छू रहा है।
Subscribe Deshwale on YouTube


