भारत सरकार ने पाकिस्तान के 16 यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इन चैनलों पर भारत और भारतीय सेना के खिलाफ झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने का आरोप है। जिन चैनलों पर कार्रवाई हुई है, उनमें डॉन न्यूज़, समा टीवी और एआरवाई न्यूज़ जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।
यह कदम उस समय उठाया गया है जब भारत में वीज़ा पर रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के लिए निर्धारित समयसीमा रविवार, 27 अप्रैल 2025 को समाप्त हो गई। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मेडिकल, राजनयिक और लंबी अवधि के वीज़ा धारकों को छोड़कर लगभग सभी पाकिस्तानी नागरिक देश छोड़ चुके हैं। कुछ मामलों में अंतिम सत्यापन की प्रक्रिया अभी चल रही है।
इधर, पाकिस्तान ने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले की जांच के लिए अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग की है। रूसी सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि रूस, चीन या पश्चिमी देशों की मदद से एक अंतरराष्ट्रीय जांच टीम बनाई जानी चाहिए, जो यह तय करे कि भारत या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सच बोल रहे हैं या नहीं।
कश्मीर में भी रविवार को हालात तनावपूर्ण रहे। सुरक्षाबलों ने आतंकवाद से जुड़े दस मकानों को नियंत्रित विस्फोट के जरिये गिराया, जिस पर कई स्थानीय राजनीतिक दलों ने विरोध जताया है।
वहीं, लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर लगातार तीसरे दिन गोलीबारी जारी रही। भारतीय और पाकिस्तानी सेनाओं के बीच चल रही झड़पों की वजह से जम्मू, राजौरी और पुंछ जिलों के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोग अपने भूमिगत बंकरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।


