हम सभी ने ट्रेन से कई बार सफ़र किया है। स्टेशन की भागदौड़, चाय वाले की आवाज़ और खिड़की से पीछे छूटते खेत, ये सब हमें जाने-पहचाने लगते हैं। लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि उसी एक ट्रेन में सफ़र करने वाले लोगों की ज़िंदगी कितनी अलग हो सकती है?
चलिए जानते है!!
गाँव जाने के लिए हम सब कभी न कभी ट्रेन पकड़ते ही हैं। जिस ट्रेन में आप बैठे हैं, उसी में कोई एसी डिब्बे में आराम से सफ़र कर रहा है, कोई स्लीपर में अपनी जगह पर बैठा है, तो कोई जनरल डिब्बे में खड़े होने भर की जगह तलाश रहा है। ट्रेन एक है, मंज़िल भी एक हो सकती है, लेकिन तीनों के सफ़र का अनुभव बिल्कुल अलग है।
एसी डिब्बे में बैठे यात्री के लिए सफ़र अक्सर आरामदायक होता है। उसके पास पहले से आरक्षित सीट या बर्थ होती है, इसलिए न जगह मिलने की चिंता होती है, न किसी तरह की भागदौड़। वह इत्मीनान से बैठ सकता है, अपनी किताब पढ़ सकता है या चाहें तो चादर तानकर सो सकता है।
खाना मँगवाने की सुविधा हो, ठंडक के लिए एसी हो या सामान रखने के लिए पर्याप्त जगह, ये छोटी-छोटी सुविधाएँ सफ़र को आसान बना देती हैं। शौचालय की स्थिति भी ट्रेन और देखबाल के हिसाब से अलग हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर यात्री को अपनी बुनियादी ज़रूरतों के लिए कम जद्दोजहद करनी पड़ती है।
उसके लिए सफ़र कुछ घंटों का ठहराव हो सकता है। खिड़की के बाहर गाँव और खेत गुज़रते रहते हैं, और वह अपनी मंज़िल तक पहुँचने का इंतज़ार करता है। सफ़र में थकान उसे भी होती है, लेकिन उसके पास उस थकान को थोड़ा कम करने के साधन होते हैं।
चलिए स्लीपर मई यात्रा करने वाले यात्री की की हालत भी देख लेते है। उन यात्रियों को भी आरक्षित सीट या बर्थ मिल जाती है, लेकिन सुविधाएँ एसी डिब्बे जैसी नहीं होतीं। गर्मी में पंखे की हवा से काम चलाना पड़ता है। भीड़ बढ़ जाए, तो अपनी ही सीट पर आराम से बैठना मुश्किल हो जाता है।
खाने के लिए कभी स्टेशन पर उतरना पड़ता है, तो कभी ट्रेन में मिलने वाले खाने पर निर्भर रहना पड़ता है। शौचालय की साफ़-सफ़ाई भी हर बार अच्छी हो, यह ज़रूरी नहीं है। लंबा सफ़र हो, तो ये छोटी-छोटी परेशानियाँ धीरे-धीरे थकान बढ़ाने लगती हैं।
फिर भी उसका सफ़र चल जाता है। वह थोड़ी तकलीफ़ सहकर, कुछ समझौते करके अपनी मंज़िल तक पहुँच ही जाता है। न पूरा आराम, न हर पल परेशानी, बस परिस्थितियों के हिसाब से सफ़र को निभाते हुए आगे बढ़ना ओर मंजिल तक पोहचने का इंतज़ार करना|
चलिए अब जनरल डब्बे के यात्रियों की ओर गौर करते है| यहाँ न बैठने की जगह की गारंटी होती है, न खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह की। ट्रेन के स्टेशन पहुँचने से पहले ही कई यात्री दरवाज़ों के पास जमा होने लगते हैं। मक़सद बस इतना होता है कि गाड़ी रुकते ही अंदर पहुँचकर कोई कोना मिल जाए।
ऐसे डिब्बों में सफ़र करने वाले यात्रियों के लिए खाने-पीने और शौचालय तक पहुँचने जैसी बुनियादी ज़रूरतें भी चुनौती बन जाती हैं। भीड़ इतनी हो जाती है कि पानी पीने के लिए बोतल निकालना या अपना सामान सँभालना तक मुश्किल लगने लगता है| शौचालय जाना हो, तो वहाँ तक पहुँचने का रास्ता बनाना भी कितना मुस्किल हो जाता है।
एक ऐसे यात्री की कल्पना कीजिए, जो कई घंटों से खड़ा है। कंधे पर बैग है, हाथ में सामान है और शायद गोद में एक बच्चा भी। पैर दुख रहे हैं, कमर अकड़ गई है और आसपास की भीड़ के बीच साँस लेने भर की जगह तलाशनी पड़ रही है। फिर भी उसकी नज़र बार-बार दरवाज़े की ओर जाती है। मन में बस एक ख़याल है, कब उसका स्टेशन आएगा?
उसके लिए यह सफ़र आनंद नहीं, बल्कि धैर्य और सहनशीलता की परीक्षा है। वह भी उसी ट्रेन में बैठा है, उसी मंज़िल की ओर जा रहा है, लेकिन उसका सफ़र दूसरों के मुकाबले कहीं ज़्यादा कठिन हो जाता है।
ट्रेन एक है, मंज़िल एक हो सकती है, लेकिन हर यात्री के हालात कितने अलग हैं। कोई सफ़र का आनंद ले रहा है, तो कोई बस यही चाहता है कि यह सफ़र जल्दी ख़त्म हो जाए।
यह अंतर हमेशा किसी की मेहनत या कोशिश का नतीजा नहीं होता। कई बार यह आर्थिक स्थिति, उपलब्ध विकल्पों और परिस्थितियों का अंतर होता है। किसी के पास आराम से सफ़र करने के साधन हैं, तो किसी के पास अपनी ज़रूरतों के मुताबिक विकल्प चुनने की गुंजाइश ही सीमित है।
इसका मतलब यह नहीं कि एसी में सफ़र करने वाले को कोई परेशानी नहीं होती या जनरल डिब्बे में सफ़र करने वाला व्यक्ति कम मेहनती है। दोनों थकते हैं, दोनों को अपनी मंज़िल तक पहुँचना है। फ़र्क़ बस इतना है कि एक के पास थकान कम करने की सुविधाएँ हैं, जबकि दूसरे को कई बार अपनी बुनियादी ज़रूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है।
जब ट्रेन स्टेशन पर रुकती है, तो एसी डिब्बे का यात्री अपना बैग उठाकर आराम से उतर जाता है। जनरल डिब्बे का यात्री भी भीड़ के बीच रास्ता बनाते हुए बाहर निकलता है। उसके पैर सुन्न हैं, कमर अकड़ी हुई है, लेकिन चेहरे पर राहत है कि आख़िरकार सफ़र पूरा हुआ।
दोनों एक ही प्लेटफ़ॉर्म पर उतरते हैं। कुछ देर बाद शायद दोनों अपनी-अपनी राह पर आगे बढ़ जाएँगे। बाहर से देखने पर दोनों अपनी मंज़िल तक पहुँच चुके हैं, लेकिन क्या हम उनके सफ़र की कठिनाई को एक जैसा मान सकते हैं?
ज़िंदगी भी कुछ ऐसी ही है। हम अक्सर लोगों को उनकी मंज़िल पर देखकर उनकी सफलता, उनकी स्थिति और उनकी उपलब्धियों का अंदाज़ा लगा लेते हैं। लेकिन यह नहीं जानते कि वहाँ तक पहुँचने के लिए किसने कितनी मुश्किलों का सामना किया, किसे कितनी सुविधाएँ मिलीं और किसके पास कितने विकल्प थे।
क्योंकि मंज़िल एक होने से रास्ते एक जैसे नहीं हो जाते। और किसी की ज़िंदगी को समझने के लिए सिर्फ़ यह देखना काफ़ी नहीं कि वह कहाँ पहुँचा है, यह समझना भी ज़रूरी है कि वह वहाँ तक पहुँचा कैसे।
Subscribe Deshwale on YouTube


