बॉलीवुड में जहां एक ओर बड़े बजट की एक्शन और थ्रिलर फिल्मों का दौर जारी है, वहीं दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानियों का आकर्षण आज भी बरकरार है। इसी कड़ी में फिल्म ‘तेरा मेरा नाता’ अपनी भावनात्मक कहानी और रिश्तों की गहराई के साथ दर्शकों के बीच आने को तैयार है। हाल ही में रिलीज हुआ इसका पहला पोस्टर प्रेम, विश्वास और मानवीय संवेदनाओं से भरी एक खूबसूरत दुनिया की झलक देता है। पहाड़ों की मनमोहक पृष्ठभूमि में फिल्म के मुख्य कलाकारों का रोमांटिक अंदाज यह संकेत देता है कि यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि रिश्तों की अहमियत को समझाने वाली भावनात्मक यात्रा है।
26 जून को को रिलीज़ हो रही ‘तेरा मेरा नाता’ का निर्देशन चंदा पटेल और स्वतंत्र गोयल ने किया है, जबकि इसका निर्माण ब्लू डायमंड प्रोडक्शन हाउस प्रेजेंट्स और सीपी प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है। फिल्म में सूरज, अंबिका वाणी और अनुभवी अभिनेत्री दीपिका चिखलिया टोपीवाला प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा पंकज बेरी, मेघना पांचाल और प्रज्ञा मिश्रा भी कहानी को मजबूत आधार देते दिखाई देंगे।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी भावनात्मक अपील है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनानी शुरू कर दी है। 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में इसकी स्क्रीनिंग के बाद फिल्म की संवेदनशील कहानी और रिश्तों के सार्वभौमिक विषयों को सराहना मिली। ऐसे समय में जब दर्शक सार्थक और दिल से जुड़ने वाली कहानियों की तलाश में हैं, ‘तेरा मेरा नाता’ प्रेम, त्याग और पारिवारिक मूल्यों का ऐसा संगम पेश करती नजर आ रही है, जो लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह फिल्म अपनी शुरुआती चर्चा को बॉक्स ऑफिस की सफलता में बदलकर साल की यादगार रोमांटिक फिल्मों में शामिल हो पाती है।
Subscribe Deshwale on YouTube

