मुंबई के परेल स्थित ग्लेनेईगल्स अस्पताल ने मेडट्रॉनिक इंडिया के साथ मिलकर रेज़िस्टेंट हाइपरटेंशन यानी जिद्दी हाई ब्लड प्रेशर के इलाज के लिए एक विशेष रीनल डिनर्वेशन थेरेपी सेंटर की शुरुआत की है। यह केंद्र उन मरीजों के लिए समर्पित है, जिनका ब्लड प्रेशर कई दवाइयाँ लेने के बाद भी नियंत्रित नहीं हो पाता।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव, असंतुलित खानपान और शारीरिक निष्क्रियता के कारण हाई बीपी की समस्या तेजी से बढ़ रही है। कई मामलों में दवाइयों के बावजूद रक्तचाप सामान्य स्तर पर नहीं आ पाता। ऐसी स्थिति को रेज़िस्टेंट हाइपरटेंशन कहा जाता है, जो बिना स्पष्ट लक्षणों के भी गंभीर खतरे पैदा कर सकता है। इससे हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी फेल होने का जोखिम बढ़ जाता है।
नए सेंटर में मरीजों की विस्तृत और व्यवस्थित जांच की जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टर पहले यह समझेंगे कि दवाइयों का असर क्यों नहीं हो रहा है। जरूरत पड़ने पर दवाओं में बदलाव किया जाएगा। यदि फिर भी रक्तचाप नियंत्रित नहीं होता, तो रीनल डिनर्वेशन थेरेपी का विकल्प अपनाया जाएगा। यह एक आधुनिक प्रक्रिया है, जिसमें किडनी से जुड़े उन नसों पर असर डाला जाता है, जो ब्लड प्रेशर को बढ़ाने में भूमिका निभाती हैं। इससे लंबे समय तक बीपी नियंत्रण में मदद मिल सकती है।
डायरेक्टर और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राहुल गुप्ता का कहना है कि रेज़िस्टेंट हाइपरटेंशन अक्सर बिना किसी चेतावनी के शरीर को नुकसान पहुंचाता है। इसलिए समय रहते पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, रीनल डिनर्वेशन थेरेपी ऐसे मरीजों के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आई है।
नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. भारत शाह बताते हैं कि लगातार अनियंत्रित बीपी किडनी को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है। किडनी की सेहत सीधे तौर पर दिल की सेहत से जुड़ी होती है। इसलिए दोनों की सुरक्षा के लिए रक्तचाप पर नियंत्रण आवश्यक है।
अस्पताल के सीईओ डॉ. बिपिन चेवाले का मानना है कि मरीज-केंद्रित देखभाल, नियमित फॉलो-अप और सही मार्गदर्शन से ही लंबे समय तक बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। वहीं मेडट्रॉनिक इंडिया के एमडी मंदीप सिंह कुमार ने कहा कि जागरूकता बढ़ाने और आधुनिक तकनीक को अपनाने से ही जिद्दी हाई बीपी जैसी चुनौती से प्रभावी तरीके से निपटा जा सकता है।
मुंबई में शुरू हुआ यह नया सेंटर उन मरीजों के लिए राहत की खबर है, जो लंबे समय से जिद्दी हाई बीपी से जूझ रहे हैं। यह पहल दिल और किडनी की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Subscribe Deshwale on YouTube


