क्रिकेट के फैन्स के लिए बड़ी खबर है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय बल्लेबाज़ों में से एक, सचिन तेंदुलकर अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit के नए ब्रांड एम्बेसडर बन गए हैं। इस साझेदारी के ज़रिए अब खेल प्रेमियों को सचिन से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा।
Reddit ने सोमवार को घोषणा की कि सचिन तेंदुलकर अब उसके साथ आधिकारिक रूप से जुड़े हैं। यह कदम दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट समुदायों को एकजुट करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। Reddit पर पहले ही NFL, NBA, MLB जैसे अमेरिकी खेल संगठनों के साथ साझेदारी हो चुकी है। अब क्रिकेट की बारी है।
Reddit के अनुसार, उसके खेल समुदाय हर साल लगभग 30% की दर से बढ़ रहे हैं और अब प्लेटफॉर्म पर 1000 से ज्यादा सक्रिय खेल कम्युनिटी हैं। इस साल की शुरुआत में Reddit ने इटली की फुटबॉल लीग Serie A के साथ भी करार किया था।
अब सचिन तेंदुलकर अपने आधिकारिक Reddit प्रोफाइल u/SachinTendulkar के ज़रिए खास कंटेंट, मैचों की जानकारी और निजी अनुभव साझा करेंगे। r/SachinTendulkar जैसे समुदायों में फैन्स उन्हें सवाल पूछ सकते हैं, चर्चाएं कर सकते हैं और उनके साथ सीधा जुड़ाव बना सकते हैं।
सचिन ने कहा, “क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि लोगों से जुड़ने का जरिया है। Reddit का सबसे खास हिस्सा इसके जुनूनी समुदाय हैं। मुझे r/IndiaCricket और r/IndianSports जैसी कम्युनिटी का हिस्सा बनने का इंतज़ार है। यह साझेदारी खेल के प्रति हमारे साझा प्यार को और मजबूत करेगी।”
Reddit के इंटरनेशनल ग्रोथ वाइस प्रेसिडेंट दुर्गेश कौशिक ने कहा, “सचिन सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, एक भावना हैं। उनकी मौजूदगी Reddit के खेल प्रेमियों को एक नई ऊर्जा देगी और ग्लोबल फैनबेस को एक मंच पर लाएगी।”
Reddit के क्रिकेट समुदायों ने बीते एक साल में ज़बरदस्त ग्रोथ देखी है:
- r/IndiaCricket में 73% की साल-दर-साल वृद्धि
- r/MumbaiIndians में 58% वृद्धि
- क्रिकेट से जुड़े सबरेडिट्स पर 12 महीनों में 3.7 अरब व्यूज
- 3.2 करोड़ से अधिक इंटरैक्शन (पोस्ट, वोट, कमेंट)
सिर्फ 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शुरू करने वाले सचिन तेंदुलकर आज एक जीता-जागता लीजेंड हैं। उन्हें भारत रत्न, पद्म विभूषण, पद्म श्री, और कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। मैदान से बाहर भी वे भारत के सबसे भरोसेमंद ब्रांड एम्बेसडर और सामाजिक कार्यकर्ता हैं।
अब Reddit पर उनकी एंट्री से खेल का कनेक्शन और गहरा होगा।


