कन्नड़ सिनेमा की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कांतारा’ ने 30 सितंबर 2022 को रिलीज होने के चार साल पूरे कर लिए हैं। एक स्थानीय कन्नड़ कहानी से शुरू हुई इस फिल्म ने अपनी दमदार कहानी, संस्कृति और शानदार सिनेमाई प्रस्तुति के दम पर देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। इस खास मौके पर फिल्म के मेकर्स होम्बले फिल्म्स ने फैंस का आभार जताते हुए सोशल मीडिया पर फिल्म की यादें साझा की हैं।

‘कांतारा’ को ऋषभ शेट्टी ने लिखा और निर्देशित करने के साथ फिल्म में मुख्य भूमिका भी निभाई थी। फिल्म में सप्तमी गौड़ा और किशोर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए। विजय किरागंदूर ने फिल्म को प्रोड्यूस किया। कर्नाटक के तटीय इलाके की पृष्ठभूमि पर बनी यह कहानी इंसानी लालच, जंगल और जमीन के संरक्षण तथा स्थानीय लोक परंपराओं के बीच के संघर्ष को सामने लाती है। फिल्म में ‘भूता कोला’ जैसी पारंपरिक लोक संस्कृति को जिस तरह सिनेमाई रूप दिया गया, उसने दर्शकों का खास ध्यान खींचा।

फिल्म की कहानी और विजुअल ट्रीटमेंट के साथ इसका क्लाइमेक्स भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना। रिलीज के बाद ‘कांतारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और धीरे-धीरे यह एक क्षेत्रीय फिल्म से पैन-इंडिया सेंसेशन बन गई।

चार साल पूरे होने के मौके पर होम्बले फिल्म्स ने ऋषभ शेट्टी के आइकॉनिक दिव्य अवतार वाला एक खास पोस्टर शेयर किया। पोस्ट के जरिए मेकर्स ने फिल्म को प्यार देने वाले दर्शकों का शुक्रिया अदा किया और इसे अपने लिए बेहद खास सिनेमाई सफर बताया। फिल्म की उपलब्धियों में अवॉर्ड्स भी शामिल हैं। हाल ही में SIIMA अवॉर्ड्स में ‘कांतारा’ ने कुल 9 पुरस्कार अपने नाम किए।

होम्बले फिल्म्स के लिए ‘कांतारा’ सिर्फ एक सफल फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और स्थानीय कहानियों को बड़े स्तर पर पेश करने का उदाहरण भी रही है। प्रोडक्शन हाउस ने पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग भाषाओं और शैलियों की भारतीय कहानियों को समर्थन दिया है। ‘KGF’ फ्रैंचाइज़ी, ‘कांतारा’, ‘सालार’ फ्रैंचाइज़ी और ‘महावतार नरसिम्हा’ जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए होम्बले फिल्म्स ने पैन-इंडिया सिनेमा में अपनी पहचान मजबूत की है।

‘महावतार नरसिम्हा’ के जरिए प्रोडक्शन हाउस ने भारतीय पौराणिक और सांस्कृतिक कथाओं को एनीमेशन के माध्यम से बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाया। इसके अलावा, होम्बले फिल्म्स ने ओवरसीज में ‘हनुमान अंश’ के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान भी संभाली है, जिससे भारतीय कहानियों की अंतरराष्ट्रीय पहुंच को बढ़ावा मिला है।

अब ‘कांतारा’ की सफलता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए दर्शकों की नजर इसके प्रीक्वल ‘कांतारा: चैप्टर 1’ पर है। यह फिल्म ‘कांतारा’ की कहानी की शुरुआत और उसके पीछे की दुनिया को और विस्तार देने वाली है।

होम्बले फिल्म्स की आने वाली फिल्मों में ‘सालार: भाग 2 – शौर्यंगा पर्व’, ‘महावतार परशुराम’, ‘सूर्या 48’, ‘येथो का नाय’ और ऋतिक रोशन के साथ आगामी सहयोग शामिल हैं। ऐसे में ‘कांतारा’ के चार साल पूरे होना प्रोडक्शन हाउस के अब तक के सफर और भारतीय कहानियों को बड़े पर्दे पर लाने की उसकी दिशा का एक अहम पड़ाव है।

Subscribe Deshwale on YouTube

Join Our Whatsapp Group

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version